सड़क पार कर रहे तेंदुए को अज्ञात वाहन ने रौंदा, मौके पर ही मौत

MP DARPAN
0

पूर्व जिपं अध्यक्ष गोटू ने दी वन विभाग को सूचना, मौके पर पहुंचकर वन टीम ने तेंदुए के शव को पीएम के भिजवाया 


शिवपुरी।
शहर की थीम रोड वन चौकी के पास आज सुबह एक तेंदुआ मृत अवस्था में सड़क किनारे पड़ा मिला। जिसके शरीर पर किसी वाहन के पहिए के निशान थे। जिसकी जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गर्ई और तेंदुए का शव उठाकर पीएम के लिए भिजवाया। आशंका है कि सड़क पार करते समय किसी अज्ञात वाहन ने तेन्दुए को रौंद दिया जिससे उसकी मौत हो गई। 

पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जितेन्द्र जैन गोटू की कोठी के बाहर एक तेन्दुआ मृत अवस्था में मिला जिसकी सूचना श्री जैन ने वन विभाग के अधिकारियों को दी जो मौके पर पहुंचे। जहां से टीम ने तेंदुए के शव को उठवाया और अपने साथ ले गए। डीएफओ सुधांशु यादव ने बताया कि मृत तेंदुआ लगभग 3-4 वर्ष का नर था। प्रारंभिक जांच में सिर में गंभीर चोट से मौत होना सामने आया है। पोस्टमार्टम से मौत के सटीक कारणों की पुष्टि की जाएगी। वन विभाग आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल कर अज्ञात वाहन की पहचान का प्रयास कर रहा है। घटनास्थल माधव टाइगर रिजर्व से सीधा जुड़ा हुआ है। वन विभाग के अनुसार, रिजर्व क्षेत्र में सात बाघों की सक्रियता के कारण तेंदुए जंगल के बजाय किनारी इलाकों में विचरण कर रहे हैं। पिछले कुछ समय से नोन कोल्हू की पुलिया, चिंकारा होटल और फॉरेस्ट चौकी क्षेत्र में तेंदुओं के दिखने की घटनाएं सामने आई थीं। शुक्रवार सुबह राहगीरों ने सड़क किनारे मृत तेंदुए को देखकर वन विभाग को सूचित किया, जिसके बाद फॉरेस्ट अमला और डीएफओ मौके पर पहुंचे।

नर तेन्दुए की सड़क दुर्घटना में मृत्यु, वन विभाग ने की त्वरित कार्यवाही


शिवपुरी।
वनमंडल शिवपुरी के अंतर्गत वन परिक्षेत्र शिवपुरी की बीट बड़ागांव के कक्ष क्रमांक आर.एफ. 67 में शुक्रवार को थीम रोड स्थित चिंकारा वृक्षारोपण क्षेत्र के सामने एक नर तेन्दुआ मृत अवस्था में पाया गया। प्राप्त सूचना के आधार पर परिक्षेत्र अधिकारी शिवपुरी, परिक्षेत्र सहायक शिवपुरी एवं वन दल मौके पर पहुंचे। मृत नर तेन्दुए की आयु लगभग 2 से 3 वर्ष आँकी गई है। घटना स्थल पर माधव टाइगर रिजर्व, शिवपुरी की डॉग स्क्वॉड टीम की सहायता से क्षेत्र की सघन सर्चिंग की गई। प्रारंभिक जांच में यह संभावना व्यक्त की गई है कि तेन्दुए की मृत्यु अज्ञात वाहन की चपेट में आने से हुई है। घटना के संबंध में वन अपराध प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया गया है। मृत तेन्दुए का पोस्टमार्टम जिला पशु चिकित्सा अधिकारियों द्वारा किया गया तथा आवश्यक नमूने संग्रहित कर परीक्षण हेतु केंद्रीय प्रयोगशाला भेजे गए हैं। वन विभाग द्वारा मृत्यु के सटीक कारणों की जांच हेतु विस्तृत विवेचना प्रारंभ की गई है। घटनास्थल पर वनमंडलाधिकारी सुंधाशु यादव एवं उपवनमंडलाधिकारी ए.प्रभंजन रेड्डी उपस्थित रहे एवं उन्होंने अग्रिम वैधानिक कार्यवाही हेतु आवश्यक निर्देश प्रदान किए।



एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top