कलेक्टर के साफ निर्देश- रैली, रचनात्मक कार्यक्रम, मानव श्रृंखला, तिरंगा गान और तिरंगा सेल्फी हर कदम पर जनभागीदारी दिखनी चाहिए
शिवपुरी। आज शिवपुरी की सड़कों पर तिरंगा सिर्फ लहराएगा नहीं… बल्कि जोश, एकता और स्वच्छता का संदेश लेकर चलेगा। हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता : स्वतंत्रता का उत्सव, स्वच्छता के संग अभियान के तहत कलेक्टर रवीन्द्र कुमार चौधरी की अगुवाई में जिला प्रशासन ने एक ऐसा आयोजन रचा है, जिसमें देशभक्ति और नागरिक कर्तव्य का संगम नज़र आएगा। सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक में तय हुआ कि यह महज एक रैली नहीं होगी, बल्कि यह तिरंगे के रंग में रंगा जनसैलाब होगा। पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़, सीईओ जिला पंचायत हिमांशु जैन, अपर कलेक्टर दिनेश चंद्र शुक्ल, सहायक कमांडेंट सीआरपीएफ मनजीत ढोड़ी समेत तमाम जिला स्तरीय अधिकारी तैयारियों में जुट गए। कलेक्टर ने साफ कहा कि तिरंगा हर आंख में चमक बनकर दिखना चाहिए। रैली, रचनात्मक कार्यक्रम, मानव श्रृंखला, तिरंगा गान और तिरंगा सेल्फी हर कदम पर जनभागीदारी दिखनी चाहिए।
आज का आकर्षण: पैदल तिरंगा रैली
मंगलवार 12 अगस्त को सुबह 10 बजे पोलोग्राउंड पर जुटान होगा और 10:30 बजे रैली का बिगुल बज जाएगा। पुलिस, वन विभाग, एनसीसी, एनएसएस, शिक्षा विभाग, महिला-बाल विकास सहित अनेक सरकारी व गैर-सरकारी संगठन इसमें कंधे से कंधा मिलाकर चलेंगे। मीडिया से लेकर समाजसेवी तक, हर कोई तिरंगे की छांव में कदम बढ़ाएगा। रैली स्थल पर स्पेशल सेल्फी बूथ भी लगाए गए हैं, जहां देशभक्ति के रंग में रंगी तस्वीरें तुरंत हर घर तिरंगा पोर्टल https://harghartiranga.com पर अपलोड की जाएंगी। देशभक्ति के तराने माहौल को और भी जोशीला बनाएंगे।