शिवपुरी। केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री तथा गुना सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया के प्रयासों से अशोकनगर और कोलारस क्षेत्र की जनता को रेल सुविधा की बड़ी सौगात मिली है। रेल मंत्रालय ने अशोकनगर में सोगरिया–दानापुर एक्सप्रेस (19801/02) तथा कोलारस में उज्जैनी एक्सप्रेस (14309/10) के ठहराव को स्वीकृति दे दी है। इससे क्षेत्र के यात्रियों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी।
जानकारी के अनुसार अशोकनगर रेलवे स्टेशन पर सोगरिया–दानापुर एक्सप्रेस के ठहराव से यात्रियों को देश के विभिन्न शहरों तक सीधा रेल संपर्क मिलेगा। वहीं कोलारस रेलवे स्टेशन पर उज्जैनी एक्सप्रेस के रुकने से क्षेत्र के लोगों के लिए यात्रा और अधिक सुगम हो जाएगी। विदित रहे कि केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने 26 फरवरी 2026 को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर अशोकनगर और कोलारस में इन ट्रेनों के ठहराव की आवश्यकता बताई थी। उनके इस आग्रह पर रेल मंत्रालय ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों स्टेशनों पर ट्रेनों के ठहराव को मंजूरी प्रदान कर दी। इन ट्रेनों के ठहराव से दैनिक यात्रियों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और क्षेत्रीय लोगों को बड़ी सुविधा मिलेगी। साथ ही क्षेत्र में आवागमन आसान होने से व्यापारिक गतिविधियों और स्थानीय विकास को भी गति मिलने की उम्मीद है। इस उपलब्धि पर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार जनता की सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है और सभी मंत्रालय मिलकर समन्वित रूप से कार्य कर रहे हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह निर्णय अशोकनगर और कोलारस क्षेत्र की जनता के लिए बड़ी राहत साबित होगा तथा क्षेत्र की रेल संपर्क व्यवस्था को और अधिक मजबूत करेगा।


