शिविर में तलवारबाजी, सेल्फ डिफेंस रहे आकर्षण का केन्द्र, 100 प्रतिभागियों का सम्मान
शिवपुरी। डांस, तलवारबाजी और सेल्फ डिफेंस की प्रभावशाली ट्रेनिंग देकर बच्चों और महिलाओं में आत्मविश्वास की नई ज्योति जगाने वाले प्रशिक्षक सुखवीर सर इस बार अग्रसेन विकास परिषद समिति के ग्रीष्मकालीन नि:शुल्क प्रशिक्षण शिविर के सबसे बड़े आकर्षण बनकर उभरे। उनकी अनुशासित, ऊर्जावान और व्यावहारिक प्रशिक्षण शैली ने पूरे शिविर को केवल कला प्रशिक्षण कार्यक्रम नहीं, बल्कि आत्मरक्षा और आत्मनिर्भरता का सशक्त मंच बना दिया।
20 मई से 7 जून तक चले इस शिविर का भव्य समापन शनिवार को अग्रवाल महासभा भवन में उत्साह और गरिमा के साथ हुआ, जहां लगभग 100 प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। समापन समारोह का शुभारंभ महाराजा अग्रसेन के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद गणेश वंदना की प्रस्तुति ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों और महिलाओं की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मंच को जीवंत कर दिया, जबकि तलवारबाजी का रोमांचक प्रदर्शन, जो प्रशिक्षक सुखवीर कुशवाह के निर्देशन में तैयार किया गया था, दर्शकों के लिए मुख्य आकर्षण रहा और देर तक तालियों की गूंज बनी रही। इस शिविर में डांस, तलवारबाजी, ब्यूटी पार्लर, आर्ट एंड क्राफ्ट, ड्राइंग, मेहंदी एवं ब्राइडल मेहंदी सहित विभिन्न विधाओं का निशुल्क प्रशिक्षण दिया गया। 4 जून को मेहंदी प्रतियोगिता, 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस पर ड्राइंग प्रतियोगिता तथा 6 जून को हेयर स्टाइल एवं साड़ी ड्रेपिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिनमें प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष जसवंत जाटव ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे शिविर समाज की युवा पीढ़ी को संस्कार और आत्मरक्षा की दिशा में मजबूत बनाते हैं। उन्होंने विशेष रूप से प्रशिक्षक सुखवीर कुशवाह की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके प्रशिक्षण से बच्चों और महिलाओं में आत्मविश्वास और सुरक्षा की भावना विकसित हुई है, जो आज के समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। कार्यक्रम में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र जैन गोटू, मंडल उपाध्यक्ष ऋतिक गर्ग, प्रचार मंत्री मनीष बंसल, देवेंद्र बंसल, महेश बंसल, मथुरा प्रसाद सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। समिति की ओर से अध्यक्ष दीपा बंसल, महामंत्री संगीता जैन, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अंजू मित्तल, उपाध्यक्ष रीना अग्रवाल, कोषाध्यक्ष शिल्पी सिंघल, संगठन मंत्री रितु जैन एवं रश्मि अग्रवाल, सह मंत्री सीमा सिंघल एवं रानी मंगल सहित सभी पदाधिकारियों ने आयोजन को सफल बनाया। अंत में सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए और संचालन पत्रकार मणिका शर्मा ने किया। अध्यक्ष दीपा बंसल ने सभी अतिथियों, प्रशिक्षकों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।


