देशी प्लेन-मसाला से लेकर बीयर तक बरामद
शिवपुरी। जिले में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में मंगलवार को कोलारस वृत्त की टीम ने बदरवास क्षेत्र के ग्राम रैंझागढ़ में दबिश देकर अवैध शराब के कारोबार का खुलासा किया। टीम ने मौके से 65.5 बल्क लीटर अवैध मदिरा जब्त की, जिसकी अनुमानित कीमत 25 हजार रुपये बताई गई है। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
कार्रवाई कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा तथा आबकारी उपायुक्त संदीप शर्मा के निर्देश पर जिला आबकारी अधिकारी शुभम दांगोड़े के नेतृत्व में की गई। मुखबिर से सूचना मिलने पर वृत्त कोलारस प्रभारी बृजराज शर्मा ने टीम के साथ ग्राम रैंझागढ़ में दबिश दी। तलाशी के दौरान देशी मदिरा प्लेन, मसाला और विदेशी मदिरा बीयर सहित कुल 65.5 बल्क लीटर शराब बरामद हुई। मौके से राजीव पुत्र दिनेश यादव उम्र 21 वर्ष निवासी ग्राम रैंझागढ़ को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1) एवं 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। विभागीय कार्रवाई के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया है। इस कार्रवाई में वृत्त प्रभारी बृजराज शर्मा के साथ आबकारी उपनिरीक्षक राहुल गुप्ता, लोकेश बेवारिया, आबकारी बल एवं होमगार्ड के जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध मदिरा के भंडारण, बिक्री और परिवहन के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।


