शिवपुरी। नारी शक्ति वंदन अभियान के तहत जिले में महिला सशक्तिकरण का सशक्त संदेश देने के लिए भव्य रैली और पदयात्रा का आयोजन किया गया। कलेक्टर अर्पित वर्मा के निर्देशन में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
स्कूटी रैली को जिला पंचायत अध्यक्ष नेहा यादव ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके बाद पदयात्रा कलेक्ट्रेट से शुरू होकर अस्पताल चौराहा होते हुए तात्या टोपे की समाधि स्थल तक पहुंची। यहां महिलाओं ने मानव श्रृंखला बनाकर एकजुटता का परिचय दिया और नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में आवाज बुलंद की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नेहा यादव ने कहा कि यह अधिनियम महिलाओं के राजनीतिक प्रतिनिधित्व को मजबूत करने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है, जिससे नीति निर्माण में उनकी भागीदारी बढ़ेगी और देश का समग्र विकास सुनिश्चित होगा। रैली में भाजपा महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष सीमा शिवहरे, जनपद अध्यक्ष हेमलता रावत, बाल कल्याण समिति अध्यक्ष सुगंधा शर्मा, सदस्य रेखा शर्मा, जिला कार्यक्रम अधिकारी धीरेन्द्र सिंह जादौन, परियोजना अधिकारी शहरी नीरज सिंह गुर्जर, परियोजना अधिकारी ग्रामीण अमित यादव सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे। जिले के खनियांधाना और कोलारस विकासखंडों में भी जागरूकता रैलियां निकाली गईं, जहां महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए समानता, अधिकार और सशक्तिकरण का संदेश दिया।


