जमीन विवाद से घरेलू हिंसा तक की शिकायतें पहुंचीं, एसपी यांगचेन डोलकर भूटिया ने अधिकारियों को दिए समय-सीमा में कार्रवाई के निर्देश
शिवपुरी। आमजन की शिकायतों के त्वरित निराकरण और पुलिस व्यवस्था को अधिक जवाबदेह बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया ने सोमवार को पोहरी थाना परिसर में जनसुनवाई आयोजित की। यहां 40 से अधिक फरियादियों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें सीधे एसपी के सामने रखीं। पुलिस अधीक्षक ने शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निष्पक्ष जांच और समय-सीमा में कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में जमीन विवाद, गुमशुदा व्यक्तियों की तलाश, घरेलू हिंसा, धोखाधड़ी और पुलिस कार्रवाई से असंतुष्ट लोगों की शिकायतें प्रमुखता से सामने आईं। एसपी ने प्राप्त आवेदनों को प्राथमिकता से लेते हुए थाना प्रभारी और जांच अधिकारियों को उचित कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने फरियादियों को उनकी समस्याओं के निराकरण के लिए प्रभावी कार्रवाई का भरोसा भी दिलाया।
थाने की व्यवस्थाओं का लिया जायजा
जनसुनवाई के बाद पुलिस अधीक्षक ने पोहरी थाने का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना परिसर की साफ-सफाई, रिकॉर्ड रूम, मालखाना और हवालात की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अभिलेखों के व्यवस्थित रखरखाव सहित अन्य व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाने पहुंचे फरियादियों से भी बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और उनके निराकरण के लिए थाना प्रभारी को निर्देशित किया। इस पहल का उद्देश्य शिकायतों की सुनवाई के साथ पुलिस कार्यप्रणाली में जवाबदेही सुनिश्चित करना रहा। जनसुनवाई शिविर में एसडीओपी आनंद राय, पोहरी थाना प्रभारी रवि चौहान, चौकी प्रभारी सीमा धाकड़ सहित पुलिस विभाग का स्टाफ मौजूद रहा।
जनता की परेशानी दूर करना पुलिस की प्राथमिकता : एसपी
जनसुनवाई के दौरान पोहरी नगर की बदहाल यातायात व्यवस्था और ट्रैफिक संबंधी समस्याओं का मुद्दा भी मीडिया द्वारा पुलिस अधीक्षक के समक्ष उठाया गया। एसपी ने इस समस्या को संज्ञान में लेते हुए यातायात व्यवस्था की समीक्षा कराने और आवश्यक कार्रवाई करने की बात कही। पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया ने कहा कि जनता की समस्याएं सुनना और उनका समाधान करना पुलिस की जिम्मेदारी है। आमजन को अपनी शिकायतों के लिए अनावश्यक परेशान न होना पड़े, इसके लिए पुलिस सदैव उनके साथ खड़ी है।

