इंदार पुलिस की बड़ी कामयाबी: दो पशु चोरों को दबोचा, 9.50 लाख का मशरूका बरामद

MP DARPAN
0

दो भैंस, एक पड़िया और वारदात में इस्तेमाल बोलेरो पिकअप जब्त

शिवपुरी। जिले में पशु चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए सक्रिय इंदार पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। ग्राम अम्हारा से चोरी हुई दो भैंस और एक पड़िया को बरामद करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल बोलेरो लोडिंग पिकअप वाहन भी जब्त किया है। बरामद मशरूके की कुल कीमत करीब 9 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से पशु चोरी के मामले का खुलासा हो गया।

इंदार थाना प्रभारी विवेक यादव के अनुसार, 10 अक्टूबर 2026 को ग्राम अम्हारा निवासी धर्मेंद्र यादव पुत्र शिशुपाल सिंह यादव उम्र 38 वर्ष ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोर उसके घर से दो भैंस और एक पड़िया चोरी कर ले गए हैं। शिकायत पर थाना इंदार में अपराध क्रमांक 176/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4) एवं 305(ए) में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पशु चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया ने आरोपियों की तलाश और चोरी गए पशुओं की बरामदगी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामदास प्रजापति एवं एसडीओपी कोलारस संजय मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी विवेक यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पतारसी करते हुए 11 अक्टूबर को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान चैनसिंह तंवर पुत्र अमरलाल तंवर उम्र 33 वर्ष, निवासी ग्राम झलामड़िया थाना भोजपुर पोस्ट सेमलीकला जिला राजगढ़ तथा वीरू केवट पुत्र रामवल्ली केवट उम 24 वर्ष निवासी ग्राम पाड़ेपुर थाना रन्नौद के रूप में हुई है। पुलिस ने चोरी गई तीनों पशुओं के साथ वारदात में प्रयुक्त बोलेरो पिकअप जब्त कर आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी विवेक यादव, उपनिरीक्षक प्रतापसिंह गुर्जर (इंचार्ज थाना प्रभारी मायापुर), प्रधान आरक्षक वहीद खान, जितेंद्रसिंह जाट, हरिसिंह, आरक्षक कमल जामौद तथा आरक्षक चालक शीलेन्द्र फौजदार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top