जिलाध्यक्ष समीर खान बोले- सात दिन में समाधान नहीं हुआ तो सड़क पर होगा उग्र आंदोलन
शिवपुरी। विद्यार्थियों की मूलभूत समस्याओं और शैक्षणिक अव्यवस्थाओं को लेकर भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) ने बुधवार को यूआईटी महाविद्यालय परिसर में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष समीर खान के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं और विद्यार्थियों ने कॉलेज प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग उठाई। प्रदर्शन के बाद प्रतिनिधिमंडल ने निदेशक के नाम 15 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में छात्र परिषद को भंग करने का कारण सार्वजनिक करने, समय पर पाठ्यक्रम पूरा कराने, नियमित प्रायोगिक कक्षाएं संचालित करने, कक्षाओं में सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने और प्रवेश व प्रशासनिक प्रक्रियाओं में सुधार की मांग की गई। इसके अलावा खराब पंखों की मरम्मत, कंप्यूटर प्रयोगशाला व इंटरनेट सुविधा दुरुस्त करने, कंप्यूटर विज्ञान विभाग में डिजिटल बोर्ड लगाने तथा लंबे समय से बंद उत्कृष्टता केंद्र प्रयोगशाला को पुन: शुरू करने की मांग प्रमुख रही। एनएसयूआई ने शिक्षकों की शैक्षणिक योग्यता सार्वजनिक करने, छात्रावास आवंटन में निर्धारित दूरी और मेरिट के नियमों का पालन, खेल परिसर को शुरू करने, कैंपस की खराब प्रकाश व्यवस्था सुधारने तथा कैंटीन संबंधी प्रस्ताव पर कार्रवाई की जानकारी सार्वजनिक करने की मांग भी रखी। समीर खान ने चेतावनी दी कि सात दिन में मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो एनएसयूआई कॉलेज से सड़क तक आंदोलन करेगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। प्रदर्शन में शैलेश परमार, जुबेर खान, रासाल सिंह राजावत, फरदीन खान और हर्ष नागर सहित कार्यकर्ता मौजूद रहे।


