70वीं राज्य स्तरीय शालेय एथलेटिक्स प्रतियोगिता की तैयारियां पूरी, दो दर्जन समितियों में 100 से अधिक शिक्षक-कर्मचारियों की तैनाती
शिवपुरी। शिवपुरी एक बार फिर प्रदेश के युवा खिलाडिय़ों की मेजबानी के लिए तैयार है। बुधवार से यहां 70वीं राज्य स्तरीय शालेय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का आगाज होगा। 7 से 11 अक्टूबर तक होने वाली 17 वर्षीय बालक-बालिका वर्ग की इस प्रतियोगिता में प्रदेश के 10 संभागों से करीब 700 खिलाड़ी, जबकि लगभग 150 कोच, दल प्रबंधक एवं अधिकारी शामिल होंगे। खिलाडिय़ों के दमखम से पांच दिन तक श्रीमंत माधवराव सिंधिया खेल परिसर गुलजार रहेगा।
कलेक्टर अर्पित वर्मा के निर्देशन एवं जिला शिक्षा अधिकारी आकाश सिंह यादव के मार्गदर्शन में आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया है। सोमवार को जिला उत्कृष्ट विद्यालय में आयोजित बैठक में करीब दो दर्जन समितियां गठित कर 100 से अधिक शिक्षक-कर्मचारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। बैठक में उत्कृष्ट विद्यालय प्राचार्य विवेक श्रीवास्तव, बीईओ मनोज निगम, जिला क्रीड़ा अधिकारी चंद्रशेखर बेमटे, सेवानिवृत्त क्रीड़ा अधिकारी महेन्द्र सिंह तोमर, डॉ. कौशल गौतम तथा बदरवास बीआरसीसी अंगद सिंह तोमर ने व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस दौरान अर्चना शर्मा, राजेश कम्ठान, विवेक वर्धन शर्मा, हेमलता चौधरी, कपिल दुबे, अशोक चौधरी, अजय बाथम, शरद निगम, स्नेह सिंह रघुवंशी, सदाशिव भार्गव, राजू जाट, राघवेन्द्र रघुवंशी, अभिषेक सक्सेना और विनय रावत सहित अन्य शिक्षक-कर्मचारी मौजूद रहे।
क्रीड़ांगन से आवास तक संभालेंगे मोर्चा
प्रतियोगिता के लिए प्रचार-प्रसार समिति में अंगद सिंह तोमर संयोजक तथा भगवती प्रसाद शर्मा, नीरज सरैया और राजीव भार्गव सदस्य रहेंगे। यातायात व्यवस्था में बस स्टैंड के लिए प्राचार्य सिविलराम भगत, रेलवे स्टेशन के लिए राजेश कम्ठान तथा मैदान तक आवागमन के लिए प्राचार्य गयादीन तरेटिया के नेतृत्व में टीमें रहेंगी। उद्घाटन समिति के संयोजक एडीपीसी राजाबाबू आर्य, आवास समिति में बालक हॉस्टल के लिए विवेक श्रीवास्तव और कन्या शिक्षा परिसर के लिए एसपी भार्गव जिम्मेदारी संभालेंगे। स्वास्थ्य समिति के संयोजक डॉ. कौशल गौतम, खाद्य समिति की रोहिणी अवस्थी, कार्यालयीन समिति के एनके जैन, पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र समिति के आरपी जाटव तथा मास्टर ऑफ सेरेमनी समिति के अजय बाथम होंगे। संचालन समिति में मनोज निगम और डॉ. केके खरे को जिम्मेदारी दी गई है। क्रीड़ांगन संचालन में दौड़ की जिम्मेदारी मनोज निगम व यादवेन्द्र चौधरी, कूद में अंगद सिंह व नूर मोहम्मद तथा फेंक स्पर्धाओं में मनोज गुप्ता व संजीव पाण्डेय संभालेंगे।
दौड़ से लेकर फेंक स्पर्धाओं तक होगा रोमांच
प्रतियोगिता का शुभारंभ 7 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे श्रीमंत माधवराव सिंधिया खेल परिसर में मार्चपास्ट के साथ होगा। जबलपुर, नर्मदापुरम, उज्जैन, भोपाल, इंदौर, शहडोल, जनजातीय कार्य विभाग, सागर, ग्वालियर और रीवा संभागों की टीमें इसमें हिस्सा लेंगी। प्रतियोगिता में 100 से 5000 मीटर तक दौड़, 3000 मीटर पैदल चाल, ऊंची कूद, लंबी कूद, त्रिकूद, पोल वॉल्ट, डिस्कस थ्रो, हैमर थ्रो, गोला फेंक और जैवलिन थ्रो जैसी स्पर्धाएं होंगी।


