433 समूह सदस्यों को दिया प्रशिक्षण, जीरो डोज और छूटे बच्चों को टीकाकरण सत्रों से जोड़ने की कवायद
शिवपुरी। जिले में टीकाकरण से वंचित बच्चों को अब स्वास्थ्य विभाग के साथ स्व सहायता समूहों का भी सहयोग मिलेगा। किसी भी पात्र बच्चे के टीकाकरण से छूट जाने की स्थिति को रोकने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने जिले में अनूठी पहल शुरू की है। इसके तहत स्व सहायता समूह के सदस्यों को प्रशिक्षित कर उन्हें अपने-अपने क्षेत्रों में छूटे बच्चों की पहचान और परिवारों को टीकाकरण के लिए प्रेरित करने की जिम्मेदारी सौंपी जा रही है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय ऋषीश्वर ने बताया कि कलेक्टर अर्पित वर्मा के निर्देशन तथा जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. रोहित भदकारिया के नेतृत्व में टीकाकरण से कोई भी बच्चा छूटे नहीं अभियान के तहत एमपीव्हीएचए एवं यूनिसेफ के सहयोग से यह प्रशिक्षण आयोजित किया गया। बदरवास, खनियाधाना, खरई कोलारस, करैरा, पोहरी, शिवपुरी एवं मुंडेरी में हुए अभिमुखीकरण कार्यक्रमों में कुल 433 स्व सहायता समूह सदस्यों ने सहभागिता की। प्रशिक्षण में जीरो डोज (जेडडी), पीजेडडी और नियमित टीकाकरण से छूटे बच्चों की पहचान, उन्हें टीकाकरण सत्रों से जोड़ने तथा टीकाकरण को लेकर परिवारों में व्याप्त झिझक दूर करने के तरीके बताए गए। सदस्यों को एमआर-1 एवं एमआर-2 टीकों के महत्व, समय पर टीकाकरण और बच्चों के जन्म पंजीयन की आवश्यकता की जानकारी दी गई। साथ ही पोषण एवं स्वच्छता के महत्व पर भी चर्चा हुई। स्व सहायता समूह सदस्यों से अपील की गई कि वे समुदाय में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाएं, टीकाकरण को लेकर भ्रम या झिझक रखने वाले परिवारों को सही जानकारी दें और छूटे बच्चों की सूचना स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं तक पहुंचाएं। प्रशिक्षण में शामिल सदस्यों ने संकल्प लिया कि वे अपने क्षेत्रों में सकारात्मक स्वास्थ्य संदेश पहुंचाकर कोई भी पात्र बच्चा टीकाकरण से वंचित न रहे, इसके लिए सक्रिय सहयोग करेंगे।


