गुना-शिवपुरी में वार्डवार बनेगी कार्ययोजना, 20 से 25 सदस्यीय टीमें संभालेंगी मोर्चा
शिवपुरी। त्योहारों से पहले शहरों की सफाई और नागरिक सुविधाओं को दुरुस्त करने के लिए केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने गुना और शिवपुरी प्रशासन को व्यापक अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। गुरुवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए दोनों जिलों के प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ अलग-अलग बैठक कर उन्होंने स्पष्ट कहा कि स्वच्छता अभियान महज औपचारिकता नहीं, बल्कि उसका जमीनी असर हर वार्ड में दिखाई देना चाहिए।
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती 2 अक्टूबर से सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती 31 अक्टूबर तक चलने वाले विशेष स्वच्छता अभियान के तहत दशहरा से पहले दोनों जिलों के प्रत्येक वार्ड में ठोस सुधार सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। सिंधिया ने कहा कि नवरात्रि में मां दुर्गा का आगमन स्वच्छ और सुंदर वातावरण में हो, यह सामूहिक जिम्मेदारी है। अभियान में चार प्रमुख क्षेत्रों स्वच्छता एवं जल निकासी, यातायात व्यवस्था, विद्युत प्रकाश और सड़क सुधार को प्राथमिकता दी जाएगी। नालियों की सफाई, जलभराव दूर करने, स्ट्रीट लाइट सुधारने, गड्ढे भरने और सड़कों का पैचवर्क कराने के निर्देश दिए गए। दोनों जिलों के प्रत्येक वार्ड में 20 से 25 सदस्यीय टीमें गठित होंगी। शिवपुरी के 39 और गुना के 37 वार्डों में करीब 1000 से 1200 लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। अभियान की निगरानी के लिए कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, मुख्य नगर पालिका अधिकारी, नगर पालिका अध्यक्ष, जिला अध्यक्ष और विधायक स्तर पर समन्वय व्यवस्था बनाई जाएगी। श्री सिंधिया ने निर्देश दिए कि 2 अक्टूबर से ही टीमें मैदान में उतरें और प्रतिदिन 25 टीमें शिफ्ट व रोटेशन के आधार पर काम करें। वार्डवार समीक्षा और समयबद्ध परिणाम सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया गया।


