सर्वे नंबर 256 की भूमि पर बनी अवैध दुकानें-स्टॉल हटाए, भूमाफिया प्रतिमाह 2 से 3 लाख रुपए वसूल रहे थे, प्रशासन की कार्रवाई से मचा हड़कंप
शिवपुरी। शासकीय जमीन पर वर्षों से जमे अतिक्रमणकारियों के खिलाफ जिला प्रशासन ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की। कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी अर्पित वर्मा के निर्देश पर प्रशासनिक अमले ने श्रीमंत राजमाता विजयाराजे सिंधिया शासकीय मेडिकल कॉलेज के सामने स्थित बेशकीमती सरकारी जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराया। कार्रवाई के दौरान अवैध रूप से बनाई गई दुकानों और स्टॉलों को हटाया गया। मुक्त कराई गई भूमि की अनुमानित बाजार कीमत 50 से 60 करोड़ रुपए बताई गई है। कार्रवाई के दौरान एसडीएम शिवपुरी आनंद सिंह राजावत, तहसीलदार सिद्धार्थ शर्मा, सीएमओ यशवंत राठौर सहित राजस्व विभाग और नगरपालिका की टीम मौके पर मौजूद रही। सुरक्षा व्यवस्था के लिए एसडीओपी शिवपुरी सचिन धुर्वे, एसडीओपी कोलारस, एसडीओपी करैरा सहित विभिन्न थानों के प्रभारी और पुलिस बल तैनात रहा। प्रशासन की कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
सर्वे नंबर 256 पर था कब्जा
ग्राम नोहरीखुर्द स्थित शासकीय भूमि सर्वे नंबर 256 का कुल रकबा 6.3970 हेक्टेयर है। इसमें से 4.3000 हेक्टेयर भूमि चिकित्सा महाविद्यालय शिवपुरी के लिए चिकित्सा शिक्षा विभाग को निःशुल्क हस्तांतरित की जा चुकी है। शेष सरकारी जमीन पर अवैध दुकानें और स्टॉल बनाकर कब्जा किया गया था। प्रशासन के अनुसार इनसे भूमाफिया प्रतिमाह करीब 2 से 3 लाख रुपए किराया वसूल रहे थे। हल्का पटवारी की रिपोर्ट के आधार पर अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी किए गए। इसके बाद बेदखली आदेश की कार्रवाई पूरी कर मंगलवार को प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर सरकारी जमीन को कब्जे से मुक्त कराया। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासकीय भूमि और संपत्तियों को अतिक्रमण से मुक्त कराने का अभियान लगातार जारी रहेगा। अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।


