स्मार्ट मीटर लगाने के दौरान महिलाओं से अभद्रता का आरोप, ग्राहक पंचायत ने महिला आयोग से की शिकायत

MP DARPAN
0

राष्ट्रीय महिला आयोग अध्यक्ष श्रीमती विजया रहाटकर को सौंपा ज्ञापन, महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित कराने की मांग

शिवपुरी। स्मार्ट मीटर लगाने के दौरान महिलाओं के साथ कथित अभद्र व्यवहार और मानसिक प्रताडऩा का मामला राष्ट्रीय महिला आयोग तक पहुंचा है। अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत ने राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष श्रीमती विजया रहाटकर को ज्ञापन सौंपकर महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा की रक्षा करने की मांग की है।

ग्राहक पंचायत के जिलाध्यक्ष जितेंद्र सिंह रघुवंशी एवं कोषाध्यक्ष संदीप मिश्रा ने बताया कि संगठन की महिला कार्यकर्ताओं श्रीमती उमा उपाध्याय, सुश्री शुभ्रा शर्मा और वंदना नामदेव के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने आयोग अध्यक्ष से मुलाकात कर समस्या से अवगत कराया। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि मध्य प्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा शहर में स्मार्ट मीटर लगाने का काम निजी ठेकेदार को दिया गया है। आरोप है कि ठेकेदार के कर्मचारी कई बार ऐसे समय घर पहुंच रहे हैं, जब पुरुष सदस्य काम पर होते हैं और महिलाएं घर में अकेली रहती हैं। महिलाओं द्वारा पुरुष सदस्य के लौटने तक इंतजार करने या बाद में मीटर लगाने का आग्रह करने पर कथित रूप से अभद्र व्यवहार किया जाता है। ग्राहक पंचायत का आरोप है कि कुछ मामलों में बिजली कनेक्शन काटने की धमकी देकर महिलाओं पर स्मार्ट मीटर लगवाने का दबाव बनाया जा रहा है। इससे महिलाओं में भय और असुरक्षा का माहौल बन रहा है। ज्ञापन पर आयोग अध्यक्ष विजया रहाटकर ने कहा कि स्मार्ट मीटर लगाना आयोग के सीधे क्षेत्राधिकार का विषय नहीं है, लेकिन यदि कर्मचारियों द्वारा महिलाओं के साथ अभद्रता, दुर्व्यवहार या प्रताडऩा की शिकायत सामने आती है तो आयोग मामले में आवश्यक कार्रवाई करेगा। ग्राहक पंचायत प्रतिनिधियों ने आयोग अध्यक्ष के आश्वासन का स्वागत किया और महिलाओं की सुरक्षा एवं सम्मान सुनिश्चित कराने की मांग दोहराई।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top