आपदा के समय सतर्कता और नि:स्वार्थ सेवा ही सबसे बड़ी जिम्मेदारी : एसपी यांगचेन डोलकर भूटिया

MP DARPAN
0

7 दिन के प्रशिक्षण के बाद तैयार हुए आपदा मित्र, किट और प्रमाण-पत्र पाकर बढ़ा उत्साह

शिवपुरी। आपदा की स्थिति में त्वरित राहत और आमजन की जान बचाने के उद्देश्य से होमगार्ड एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित आपदा मित्र योजना के सात दिवसीय द्वितीय प्रशिक्षण सत्र का सोमवार को समापन हुआ। 22 से 28 सितंबर तक चले प्रशिक्षण के समापन समारोह में पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया मुख्य अतिथि और संयुक्त कलेक्टर अनुराग निंगवाल विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला सेनानी होमगार्ड राजकुमार पथरोल ने की। मंच संचालन होमगार्ड निरीक्षक मनीष श्रीवास्तव ने किया। समारोह में प्लाटून कमांडर राघवेंद्र सिंह हाकरे एवं एएसआई प्रमोद तिवारी ने आपदा मित्रों को आपदा के दौरान सजग, अनुशासित और नि:स्वार्थ भाव से सेवा करने के लिए प्रेरित किया। अतिथियों ने कहा कि प्राकृतिक अथवा अन्य आपदाओं के समय शुरुआती मदद और त्वरित प्रतिक्रिया बेहद महत्वपूर्ण होती है। प्रशिक्षित आपदा मित्र स्थानीय स्तर पर प्रशासन और आमजन के बीच महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य कर सकते हैं। समापन अवसर पर एसपी यांगचेन डोलकर भूटिया एवं संयुक्त कलेक्टर अनुराग निंगवाल ने प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने वाले सभी आपदा मित्रों को आपदा किट एवं प्रमाण-पत्र वितरित किए। कार्यक्रम में जिला प्रशासन एवं होमगार्ड विभाग के अधिकारी, कर्मचारी और स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top