शिवपुरी। शराब दुकानों पर निर्धारित दरों की अनदेखी कर मनमाने दामों पर मदिरा बेचने वालों के खिलाफ आबकारी विभाग ने शिकंजा कस दिया है। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी अर्पित वर्मा के निर्देश पर जिलेभर में चलाए जा रहे जांच अभियान के दौरान आबकारी टीम ने अनियमितता पाए जाने पर 7 प्रकरण दर्ज कर संबंधित मदिरा लाइसेंसियों पर कुल 4 लाख 85 हजार रुपये की शास्ति अधिरोपित की है।
जिला आबकारी अधिकारी शुभम दांगोड़े के नेतृत्व में विभागीय टीम ने जिले की विभिन्न मदिरा दुकानों की जांच की। इस दौरान दुकानों पर शराब की बिक्री निर्धारित दरों के विपरीत किए जाने के मामले सामने आए। जांच में एमआरपी (अधिकतम विक्रय मूल्य) से अधिक दर पर मदिरा बेचने के 5 प्रकरण दर्ज किए गए, जबकि एमएसपी से कम दर पर मदिरा बेचने के 2 प्रकरण सामने आए। आबकारी विभाग की कार्रवाई से शराब दुकानदारों में हड़कंप की स्थिति रही। विभाग ने स्पष्ट किया है कि मदिरा की बिक्री में निर्धारित मूल्य से किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ अथवा नियमों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार जिले में शराब दुकानों की निगरानी और जांच का अभियान आगे भी जारी रहेगा। एमआरपी से अधिक कीमत वसूलने अथवा निर्धारित नियमों के विपरीत बिक्री करने की शिकायत मिलने पर संबंधित लाइसेंसियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।


