सेवा संकल्प अभियान: रायश्री स्कूल में चित्रकला और भाषण प्रतियोगिता, जिपं सीईओ विजय राज ने विद्यार्थियों से किया संवाद

MP DARPAN
0

शिवपुरी। सेवा संकल्प अभियान के तहत शनिवार को जिले के शासकीय विद्यालयों में विभिन्न रचनात्मक एवं जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। इसी क्रम में शासकीय हाई स्कूल रायश्री में चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपनी प्रतिभा और विचारों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।

जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विजय राज ने विद्यालय का निरीक्षण कर प्रतियोगिता की गतिविधियों का जायजा लिया। उन्होंने विद्यार्थियों से सीधे संवाद करते हुए उनकी पढ़ाई, रुचियों और प्रतियोगिता में सहभागिता के संबंध में जानकारी ली। इस दौरान विद्यार्थियों ने चित्रकला के माध्यम से अपनी कल्पनाशीलता और रचनात्मक सोच को उकेरा, वहीं भाषण प्रतियोगिता में विभिन्न विषयों पर अपने विचार व्यक्त किए। सीईओ विजय राज ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ रचनात्मक और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियां विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को ऐसे आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यालय में संचालित शैक्षणिक गतिविधियों का भी अवलोकन किया तथा विद्यार्थियों से पढ़ाई से जुड़े विषयों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों में रचनात्मकता, आत्मविश्वास, सामाजिक सरोकार और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देना है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top