सिरसौद पुलिस ने सुलझाई अंधे कत्ल की गुत्थी, फूफा की हत्या का आरोपी भतीजा गिरफ्तार

MP DARPAN
0

शिवपुरी। सिरसौद थाना पुलिस ने हत्या के एक सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए करीब तीन सप्ताह से अनसुलझे अंधे कत्ल के आरोपी दिलीप रावत को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस की इस कार्रवाई में सीसीटीवी फुटेज, एफएसएल एवं साइबर सेल से मिले साक्ष्यों ने अहम भूमिका निभाई।

सिरसौद थाना प्रभारी धर्मेन्द्र सिंह गुर्जर के अनुसार 22 अगस्त को मिथुन रावत ने सिरसौद थाने में सूचना दी थी कि उसके पिता मोहर सिंह रावत 21 अगस्त को अपने रिश्तेदार दिलीप रावत के साथ छिमछिमा मंदिर जाने की बात कहकर निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। बाद में उनका शव रातीकिरार पुलिया के नीचे मिला। मर्ग जांच में चिकित्सक ने सिर पर गंभीर चोटों के कारण हत्या की पुष्टि की, जिसके बाद अपराध क्रमांक 232/26, धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अज्ञात आरोपी की तत्काल पतारसी और गिरफ्तारी के निर्देश दिए। उनके निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आरडी प्रजापति एवं एसडीओपी पोहरी आनंद राय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी उप निरीक्षक धर्मेन्द्र सिंह गुर्जर की टीम ने जांच तेज की। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दिलीप रावत निवासी भौराना पर संदेह गहराया, लेकिन वह फरार हो गया। लगातार तलाश के बाद 14 सितंबर को मुखबिर की सूचना पर सिरसौद पुलिस ने दिलीप रावत को शिवपुरी में मथुरा से आते समय पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसके पिता प्रीतम रावत की करीब 7-8 वर्ष पूर्व मोहर सिंह के घर संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हुई थी। इसी पुरानी रंजिश में उसने 21 अगस्त को मोहर सिंह की सिर पर पत्थर से वार कर हत्या करने की बात स्वीकार की। उक्त कार्रवाई में सिरसौद थाना प्रभारी धर्मेन्द्र सिंह गुर्जर, उनि जगदीश भिलाला, सउनि ब्रजपाल सिंह तोमर, प्रआर. सत्यवीर सिंह जादौन, प्रआर. बलवंत पाल, प्रआर. रविन्द्र सिनोरिया, प्रआर. जितेन्द्र करारे, प्रआर. प्रमोद पुरोहित, प्रआर. विक्रम सिंह बाथम, आरक्षक मुकेश सिंह परमार एवं चालक आरक्षक रमेश सिंह की विशेष भूमिका रही।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top