अज्ञात भीड़ की पहचान कर कार्रवाई, सभी आरोपियों को एसडीएम न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेजा
शिवपुरी। ग्राम कुटवारा की लाइसेंसी शराब दुकान में घुसकर तोड़फोड़ और नुकसान पहुंचाने के मामले में इन्दार पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 13 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस ने घटना में शामिल अज्ञात महिला-पुरुषों की पहचान कर आरोपियों को अलग-अलग स्थानों से पकड़ा। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आर.डी. प्रजापति एवं एसडीओपी कोलारस संजय मिश्रा के मार्गदर्शन में की गई।
इंदार थाना प्रभारी विवेक यादव के अनुसार 11 सितंबर को कुटवारा स्थित लाइसेंसी शराब दुकान में करीब 20 अज्ञात महिला-पुरुषों ने घुसकर तोड़फोड़ की थी। मामले में थाना इन्दार में अपराध क्रमांक 157/26, धारा 324(5), 333, 296(2) एवं 191(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने 12 सितंबर को घटना में शामिल आरोपियों की पहचान कर उन्हें चिन्हित किया। इसके बाद ग्राम कुटवारा सहित अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर जगराम, सिन्धू, नबल, कृष्णभान उर्फ टन्टे, लल्लीराम, राधाकिशन, बादाम सिंह, लोकेन्द्र, सोनू, बन्टी, लक्ष्मन, हरकुंवरबाई और पार्वतीबाई को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने सभी आरोपियों को लोकशांति भंग करने की प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के साथ एसडीएम न्यायालय कोलारस में पेश किया। न्यायालय से जेल वारंट जारी होने के बाद सभी 13 आरोपियों को जेल दाखिल करा दिया गया। उक्त कार्रवाई में उपनिरीक्षक विवेक यादव, उपनिरीक्षक बबलेश कुमार, सहायक उपनिरीक्षक शत्रुघ्न सिंह भदौरिया सहित इन्दार-कोलारस पुलिस टीम, पुलिस लाइन शिवपुरी के बल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


