कृषि प्रक्षेत्र में अचानक पहुंचे उप संचालक, बीज उत्पादन और फसलों की स्थिति परखी

MP DARPAN
0

रन्नौद में अभिलेखों की जांच, गोरा टीला-सुनाज में धान में कीट प्रकोप मिला, किसानों को नियंत्रण के उपाय बताए

शिवपुरी। कलेक्टर अर्पित वर्मा के निर्देश पर उप संचालक कृषि मुनेश कुमार शाक्य ने रविवार को बदरवास विकासखंड के शासकीय कृषि प्रक्षेत्र रन्नौद का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने प्रक्षेत्र में संचालित खरीफ बीज उत्पादन कार्यक्रम की स्थिति देखी और संबंधित अभिलेखों एवं पंजियों की जांच की। सोयाबीन, उड़द और अरहर की फसलों का जायजा लेते हुए प्रक्षेत्र अधीक्षक को कीट एवं रोग की स्थिति सामने आते ही तत्काल नियंत्रण उपाय अपनाने के निर्देश दिए।

इसके बाद उप संचालक कृषि मुनेश कुमार शाक्य कोलारस विकासखंड के ग्राम गोरा टीला और सुनाज पहुंचे। यहां कृषक रामरतन गुर्जर के खेत में 60 से 70 दिन की धान फसल का निरीक्षण किया। फसल में बालियों में दाना भरने की अवस्था के दौरान तना छेदक और भूरा फुदका कीट का प्रकोप मिला। उन्होंने किसानों को नियमित निगरानी की सलाह देते हुए अनुशंसित कीटनाशकों का निर्धारित मात्रा में प्रयोग करने का परामर्श दिया। ग्राम भ्रमण के दौरान किसानों को कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही ई-टोकन व्यवस्था और एग्रीस्टैक पोर्टल पर पंजीयन के महत्व से अवगत कराया। कृषि विशेषज्ञों ने किसानों से अपील की कि बिना आवश्यकता रासायनिक कीटनाशकों का छिड़काव न करें। रोग या कीट की सही पहचान के बाद ही अनुशंसित दवाओं का उपयोग करें तथा उनकी मात्रा कृषि विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में ही तय करें।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top