14 साल की किशोरी के पेट में मिला बालों का गुच्छा, सर्जरी कर डॉक्टरों ने बचाई जान

MP DARPAN
0

90 फीसदी पेट में फैला था ट्राइकोबेज़ोआर, तीन घंटे चली जटिल सर्जरी, छोटी आंत तक पहुंच चुका था बालों का गुच्छा

शिवपुरी। श्रीमंत राजमाता विजयाराजे सिंधिया चिकित्सा महाविद्यालय एवं चिकित्सालय में चिकित्सकों ने एक 14 वर्षीय किशोरी के पेट से 16x14 सेंटीमीटर का विशाल बालों का गुच्छा (ट्राइकोबेज़ोआर) निकालकर उसे नया जीवन दिया। बालों का यह गुच्छा पेट के करीब 90 प्रतिशत हिस्से में फैला था और छोटी आंत तक पहुंच चुका था। किशोरी को कई महीनों से पेट दर्द, लगातार उल्टी, पेट भरा रहने और भूख कम लगने की शिकायत थी।

किशोरी को 11 सितंबर को शल्य चिकित्सा विभाग में भर्ती कराया गया। जांच में हीमोग्लोबिन 7.8 ग्राम मिला, जिसके बाद दो यूनिट रक्त चढ़ाया गया। सीटी स्कैन में पेट में बालों का बड़ा गुच्छा और छिद्र की आशंका सामने आई। स्थिति को देखते हुए खुले ऑपरेशन का निर्णय लिया गया। अधिष्ठाता डॉ. ईला गुजारिया के मार्गदर्शन और सर्जरी विभागाध्यक्ष डॉ. अनंत राखोंडे के नेतृत्व में प्रोफेसर डॉ. सौरभ चौहान, सहायक प्रोफेसर डॉ. कौशलेन्द्र सिंह नरवरिया और पीजी डॉ. महेश पाटीदार की टीम ने करीब तीन घंटे की सर्जरी कर गुच्छा निकाला। एनेस्थीसिया विभागाध्यक्ष डॉ. प्रियंका गुप्ता की भूमिका भी महत्वपूर्ण रही। डॉ. सौरभ चौहान ने बताया कि लंबे समय तक निगले गए बाल पचते नहीं और पेट में जमा होकर ठोस गुच्छा बना लेते हैं। डॉ. कौशलेन्द्र सिंह नरवरिया के अनुसार यह समस्या बाल तोडऩे या खाने की आदत तथा मानसिक तनाव से जुड़ी हो सकती है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top