दो-तीन दिन में जारी होंगे तृतीय-चतुर्थ समयमान वेतनमान के आदेश, 300 से अधिक शिक्षकों की हो चुकी क्रमोन्नति
शिवपुरी। राज्य कर्मचारी संघ के प्रतिनिधिमंडल ने जिला शिक्षा अधिकारी आकाश यादव से मुलाकात कर शिक्षकों की जटिल एवं लंबे समय से लंबित समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की। प्रतिनिधिमंडल ने सहायक शिक्षकों के तृतीय एवं चतुर्थ समयमान वेतनमान, लंबित क्रमोन्नति आदेश, गुरुजियों की क्रमोन्नति तथा वर्षों से लंबित एरियर भुगतान के प्रकरणों को प्रमुखता से उठाया।
बैठक में शिक्षकों की समस्याओं के शीघ्र निराकरण के साथ परामर्शदात्री समिति की बैठक बुलाने की मांग भी रखी गई। जिला शिक्षा अधिकारी आकाश यादव ने कहा कि शिक्षकों की समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सहायक शिक्षकों के तृतीय एवं चतुर्थ समयमान वेतनमान के आदेश दो-तीन दिन में जारी कर दिए जाएंगे। साथ ही लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की बात कही। जिला सचिव राजकुमार सरैया ने बताया कि नए जिला शिक्षा अधिकारी के पदभार ग्रहण करने के बाद 300 से अधिक शिक्षकों की क्रमोन्नति के साथ लंबित एरियर का भुगतान भी किया गया है। संघ ने जिला शिक्षा अधिकारी की कार्यप्रणाली पर संतोष व्यक्त करते हुए उनका आभार जताया। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष राजेंद्र पिपलोदा, जिला संगठन मंत्री हिम्मत सिंह सोनवार, जिला सचिव राजकुमार सरैया, जिला उपाध्यक्ष राजीव पुरोहित तथा सह सचिव राजू हरिबल्लभ शर्मा उपस्थित रहे।


