कोलारस में हितग्राहियों को राशन पर्ची, संबल सहायता, क्रेडिट कार्ड, आयुष्मान कार्ड और लाड़ली लक्ष्मी प्रमाण पत्र वितरित
शिवपुरी। शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने और आमजन की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर त्वरित निराकरण करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के तहत नगर परिषद के सामने विशाल जनसंवाद शिविर आयोजित किया गया। शिविर में कोलारस विधायक महेंद्र सिंह यादव ने मुख्य आतिथ्य किया, जबकि जिला पंचायत सीईओ विजय राज अध्यक्षता में मौजूद रहे।
विधायक महेंद्र सिंह यादव और सीईओ विजय राज ने नागरिकों की समस्याएं सुनीं। कई मामलों का मौके पर निराकरण किया गया, जबकि शेष आवेदनों को संबंधित विभागों को सौंपकर समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए। विधायक ने अधिकारियों से कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम पात्र व्यक्ति तक पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ पहुंचना चाहिए। सीईओ विजय राज ने मानीपुरा एवं वार्ड क्रमांक-01 के आंगनवाड़ी केंद्रों का निरीक्षण कर बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण, उपस्थिति और ग्रोथ मॉनिटरिंग की जानकारी ली। उन्होंने कम वजन एवं अति कुपोषित बच्चों को तत्काल एनआरसी भेजने तथा अभिभावकों को जागरूक करने के निर्देश दिए। शिविर में चन्द्रकली लोधी, वन्दना विश्वकर्मा, सबनम बानो, हेमलता जाटव, जुवेदा बानो, पूजा कुशवाहा, राजकुमारी, भूरिया पाल, विश्वास सहरिया, कमलेश बाई केवट, मनीषा जाटव, गायत्री जाटव, सोनू कुशवाहा, सोनम जाटव, ललिता खटीक, लाली बाई और लक्ष्मी जाटव को राशन पात्रता पर्चियां दी गईं। सोनू जाटव को संबल योजना में चार लाख रुपये की दुर्घटना सहायता तथा अदम सिंह और लालाराम जाटव को 30-30 हजार रुपये की क्रेडिट कार्ड लिमिट मिली। कृष्णा बाई कुशवाहा, रूविना बानो, रजिया बानो, शैलेन्द्र सिंह, धर्मेन्द्र कुशवाहा, राकेश खटीक, सोनू रजक और बद्रीप्रसाद नामदेव को स्वरोजगार सहायता दी गई। बुद्धो आदिवासी, रघुवीर आदिवासी और लखन आदिवासी को आयुष्मान कार्ड तथा काव्या वाचम, किशोरी शाक्य, पूर्वी शाक्य और शानवी यादव को लाड़ली लक्ष्मी प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। इस दौरान जनपद अध्यक्ष भरत सिंह चौहान, नगर परिषद अध्यक्ष प्रियंका शिवहरे, पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष रविंद्र शिवहरे और एसडीएम कोलारस शिवदयाल धाकड़, कोलारस सीएमओ रमेश भार्गव सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में हितग्राही मौजूद रहे।


