राशन में गड़बड़ी पर कलेक्टर का शिकंजा, 16 लाख से ज्यादा की वसूली

MP DARPAN
0

चार उचित मूल्य दुकानों पर कार्रवाई, दो मामलों में एफआईआर, राशन नहीं बांटने वाला विक्रेता जेल भेजा

शिवपुरी। गरीबों के हक के राशन में सेंध लगाने वालों के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देश पर कोलारस अनुभाग में सार्वजनिक वितरण प्रणाली की अनियमितताओं पर कार्रवाई करते हुए संबंधित विक्रेताओं एवं प्रबंधकों से 16 लाख रुपये से अधिक की वसूली के आदेश जारी किए गए हैं। गंभीर मामलों में एफआईआर भी दर्ज कराई गई है। प्रशासन के अनुसार लेवा उचित मूल्य दुकान के पूर्व विक्रेता राजकुमार शर्मा व पूर्व प्रबंधक हार्दिक गुप्ता से 4.41 लाख रुपये, कार्या दुकान के पूर्व प्रबंधक सुआ लाल रावत, विक्रेता भगवान जाटव व सहायक विक्रेता अजय परिहार से 5.01 लाख रुपये, रिन्हाय दुकान के विक्रेता सोनू जाटव, सहायक भारत यादव व प्रबंधक हेतराम जाटव से 3.37 लाख रुपये तथा अटरूनी दुकान के विक्रेता चित्रांश ओझा से 3.20 लाख रुपये की वसूली के आदेश हुए हैं। लेवा और कार्या दुकानों से जुड़े मामलों में तेंदुआ थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई जा चुकी है। उन्हाई उचित मूल्य दुकान के विक्रेता गोपाल जाटव द्वारा ग्रामीणों को राशन वितरित नहीं करने और भौतिक सत्यापन में दुकान पर खाद्यान्न नहीं मिलने पर वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे जेल भेज दिया गया।

बारिश में भी घर-घर पहुंचा राशन

वहीं ग्राम मोहरा में भारी बारिश के कारण हितग्राही दुकान तक नहीं पहुंच सके तो विक्रेता विवेक वैरागी और उनकी टीम पीओएस मशीन व राशन लेकर घर-घर पहुंची और वितरण सुनिश्चित किया। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि पात्र हितग्राहियों के हक में किसी भी तरह की कटौती बर्दाश्त नहीं होगी। उचित मूल्य दुकानों की निगरानी जारी रहेगी और गड़बड़ी मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top