इनर व्हील क्लब ने शिक्षक दिवस पर पांच शिक्षकों को दिया सम्मान
शिवपुरी। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य और उल्लेखनीय योगदान के लिए शिक्षक दिवस के अवसर पर इनर व्हील क्लब द्वारा शहर के पांच उत्कृष्ट शिक्षकों को सम्मानित किया गया। सम्मानित शिक्षकों में दून जूनियर स्कूल की प्राचार्या श्रीमती सीमा अरोड़ा भी शामिल रहीं। उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में प्रभावी योगदान के लिए बेस्ट एजुकेटर सम्मान से नवाजा गया।
इसी वर्ष प्रारंभ हुए दून जूनियर स्कूल ने अपने प्रथम वर्ष में ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर शैक्षणिक वातावरण और विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से शिवपुरी में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। विद्यालय की इस उपलब्धि में प्राचार्या सीमा अरोड़ा के कुशल नेतृत्व, मार्गदर्शन और समर्पण की महत्वपूर्ण भूमिका मानी जा रही है। सम्मान प्राप्त करने के बाद श्रीमती सीमा अरोड़ा ने इसे अपने साथ-साथ पूरे विद्यालय परिवार की उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल उनका व्यक्तिगत सम्मान नहीं, बल्कि दून स्कूल के संचालक मंडल और समस्त समर्पित स्टाफ के निरंतर सहयोग एवं मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने विद्यालय परिवार के सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। सीमा अरोड़ा को सम्मान मिलने पर शिवपुरी जिले के वरिष्ठ नागरिकों, शिक्षाविदों और अभिभावकों ने बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
इनर व्हील क्लब की पहल सराहनीय
इनर व्हील क्लब द्वारा हर वर्ष शिक्षक दिवस पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया जाता है। क्लब की इस पहल से शिक्षकों का उत्साहवर्धन होने के साथ समाज में शिक्षा के महत्व और शिक्षकों के योगदान को सम्मान देने का संदेश भी मजबूत होता है।


