आधुनिक सुविधाओं से सजा प्रधान डाकघर आमजन को देगा बेहतर सेवाएं, देश के सातवें डाक प्रशिक्षण केंद्र की रखी जाएगी आधारशिला
शिवपुरी। शिवपुरी में डाक सेवाओं के आधुनिकीकरण की दिशा में बुधवार को दो महत्वपूर्ण कदम उठाए जाएंगे। संचार एवं उत्तर पूर्वी क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया नवीन सौंदर्यीकृत प्रधान डाकघर शिवपुरी का उद्घाटन करने के साथ ही देश के सातवें डाक प्रशिक्षण केंद्र की आधारशिला रखेंगे।
नए स्वरूप में तैयार प्रधान डाकघर में आमजन को डाक एवं वित्तीय सेवाएं पहले की तुलना में अधिक सुविधाजनक और आधुनिक तरीके से उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। सौंदर्यीकरण के साथ आवश्यक सुविधाओं के विकास से डाकघर को अधिक बेहतर एवं उपभोक्ता अनुकूल स्वरूप दिया गया है। वहीं शिवपुरी में बनने वाला डाक प्रशिक्षण केंद्र डाक विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के कौशल विकास का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा। यहां आधुनिक तकनीक, डिजिटल सेवाओं और बदलती कार्यप्रणाली के अनुरूप प्रशिक्षण दिया जाएगा। इससे डाक विभाग के मानव संसाधन को नई तकनीक के साथ दक्ष बनाने में मदद मिलेगी। दोनों परियोजनाओं का शुभारंभ शिवपुरी में डाक सेवाओं के विस्तार और गुणवत्ता सुधार की दृष्टि से अहम माना जा रहा है। कार्यक्रम में डाक विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहेंगे। अधीक्षक डाकघर शिवपुरी विष्णुपाल सिंह यादव ने बताया कि प्रधान डाकघर के नए स्वरूप और डाक प्रशिक्षण केंद्र की स्थापना से क्षेत्र में डाक सेवाओं को आधुनिक बनाने के साथ प्रशिक्षण एवं कौशल विकास को भी नई दिशा मिलेगी।


