42 वर्षों की सेवा के बाद शिक्षक पदमचंद गुप्ता सेवानिवृत्त, विद्यालय परिवार ने दी भावभीनी विदाई

MP DARPAN
0

शिवपुरी। पीएम श्री शासकीय हाई स्कूल फिजिकल कॉलोनी, शिवपुरी में शनिवार को वरिष्ठ शिक्षक पदमचंद गुप्ता के 42 वर्षों की निष्ठापूर्ण एवं समर्पित शैक्षणिक सेवा पूर्ण करने पर गरिमामय सेवानिवृत्ति सम्मान समारोह आयोजित किया गया। विद्यालय परिवार ने उन्हें भावभीनी विदाई देते हुए उनके दीर्घ सेवाकाल और शिक्षा के क्षेत्र में योगदान को याद किया समारोह के मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त शिक्षक एवं समाजसेवी सुशील अग्रवाल तथा दीपेन्द्र शर्मा रहे, जबकि अध्यक्षता संस्था की प्राचार्या श्रीमती मालती शर्मा ने की। मंच संचालन श्रीमती ललित राजपूत ने किया। कार्यक्रम की व्यवस्थाओं में गब्बर सिंह एवं देवेंद्र प्रजापति का विशेष योगदान रहा।

समारोह के दौरान विद्यालय परिवार की ओर से पदमचंद गुप्ता को शॉल, श्रीफल एवं पुष्पमाला भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर प्राचार्या श्रीमती मालती शर्मा ने कहा कि पदमचंद गुप्ता ने अपने 42 वर्षों के सेवाकाल में पूरी निष्ठा, अनुशासन और समर्पण के साथ विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनका योगदान विद्यालय परिवार के लिए सदैव स्मरणीय रहेगा। मुख्य अतिथि सुशील अग्रवाल ने कहा कि शिक्षक का जीवन समाज के लिए मार्गदर्शक होता है। पदमचंद गुप्ता ने अपने सेवाकाल में विद्यार्थियों के हित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए एक आदर्श शिक्षक की भूमिका निभाई। वहीं दीपेन्द्र शर्मा ने उनके दीर्घ सेवाकाल को प्रेरणादायी बताते हुए कहा कि शिक्षा के प्रति उनका समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए अनुकरणीय रहेगा। समारोह में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं, छात्र-छात्राओं सहित गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता की। उपस्थितजनों ने पदमचंद गुप्ता के स्वस्थ, सुखद एवं उज्ज्वल सेवानिवृत्त जीवन की शुभकामनाएं दीं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top