शिवपुरी। केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया 31 अगस्त से 2 सितंबर तक शिवपुरी जिले के तीन दिवसीय प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वे शिवपुरी, कोलारस और पिछोर क्षेत्रों में करोड़ों रुपये के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन करने के साथ स्थानीय कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
31 अगस्त को केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ग्राम अछरौनी में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, चमरौआ और पिपरा में विद्युत उपकेंद्र तथा बामौरकलां उप तहसील का लोकार्पण करेंगे। धपौरा-तेरई और भगारी-रामपुरा-टपरन मार्ग का भूमिपूजन भी होगा। इसके बाद वे होटल पीएस रेसीडेंसी में आयोजित कैट ग्वालियर-चंबल संभागीय व्यापार एवं उद्योग सम्मेलन में शामिल होंगे। 1 सितंबर को चिंताहरण मंदिर में दर्शन के बाद नव-विकसित अमृत भारत रेलवे स्टेशन शिवपुरी का दौरा और पोहरी रेलवे ओवरब्रिज का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद तानपुर में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सिंहनिवास विद्युत उपकेंद्र, ठर्रा उप तहसील सहित विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण व भूमिपूजन करेंगे। पाली-राजगढ़, कुम्हरौआ-बागरोद, बिजरौनी बायपास और दौलतपुर-साईखेड़ा मार्ग सहित कई सड़कों को भी सौगात मिलेगी। कोलारस में स्थानीय कार्यक्रम के बाद रेलवे स्टेशन से उज्जैनी एक्सप्रेस के नए ठहराव का हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया जाएगा। 2 सितंबर को शिवपुरी में अनुसूचित जाति प्री-मैट्रिक बालक छात्रावास का भूमिपूजन, डीवीएमसी बैठक सहित कई स्थानीय कार्यक्रम होंगे। प्रधान डाकघर शिवपुरी के नए भवन का लोकार्पण तथा ककरवाया में पोस्टल प्रशिक्षण केंद्र का भूमिपूजन भी प्रस्तावित है। इसके अलावा पार्श्वनाथ जैन श्वेतांबर मूर्तिपूजक संघ में मुख्य प्रवेश द्वार एवं कीर्ति स्तंभ का भूमिपूजन किया जाएगा। तीन दिवसीय दौरे के दौरान जिले को स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, बिजली, रेलवे और डाक सेवाओं से जुड़े अनेक विकास कार्यों की सौगात मिलने की उम्मीद है।


