सीआरपीएफ जवानों की कलाई पर बंधा रक्षा सूत्र, बहनों ने दिया राष्ट्रसेवा के सम्मान का संदेश

MP DARPAN
0

शिवपुरी। रक्षा बंधन के पावन पर्व पर सरस्वती शिशु मंदिर गणेश कॉलोनी की बहनों ने सीआरपीएफ प्रशिक्षण केंद्र पहुंचकर देश की सुरक्षा में जुटे जवानों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधे। इस दौरान भाई-बहन के स्नेह के साथ राष्ट्रसेवा, त्याग और कर्तव्यनिष्ठा के प्रति सम्मान का भाव दिखाई दिया। विद्या भारती मध्य भारत प्रांत द्वारा संचालित विद्यालय के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में बहनों ने सीआरपीएफ के पुलिस महानिरीक्षक राजीव कुमार ठाकुर, द्वितीय कमान अधिकारी नवीन चंद्र, सहायक कमांडेंट पवन कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारियों एवं जवानों को रक्षा सूत्र बांधकर उनके स्वस्थ, सुखी और सुरक्षित जीवन की कामना की।

कार्यक्रम की प्रस्तावना रखते हुए विद्यालय के प्रबंधक जितेंद्र परसाई ने कहा कि रक्षा बंधन केवल भाई-बहन के प्रेम का पर्व नहीं, बल्कि राष्ट्र की सुरक्षा में अपना सर्वस्व समर्पित करने वाले जवानों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर भी है। उन्होंने कहा कि जवानों का साहस, अनुशासन और समर्पण विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। सीआरपीएफ के पुलिस महानिरीक्षक राजीव कुमार ठाकुर ने कहा कि समाज का स्नेह और विश्वास राष्ट्ररक्षा में जुटे जवानों का मनोबल बढ़ाता है। उन्होंने विद्यार्थियों से राष्ट्रप्रेम, अनुशासन, संस्कार और कर्तव्यनिष्ठा को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में सरस्वती विद्यापीठ आवासीय विद्यालय के प्रबंधक पवन शर्मा, सरस्वती शिशु मंदिर गणेश कॉलोनी की प्राचार्या नम्रता सेंगर सहित आचार्य-दीदी एवं विद्यालय की बहनें उपस्थित रहीं। अंत में पवन शर्मा ने सभी अधिकारियों, जवानों, विद्यार्थियों एवं उपस्थित अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम ने रक्षा बंधन को राष्ट्रसेवा और सामाजिक एकात्मता के भाव से जोड़ते हुए प्रेरणादायी संदेश दिया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top