आंगनवाड़ी में खामियां मिलीं तो कलेक्टर का सख्त एक्शन, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता की सेवा समाप्त

MP DARPAN
0

आकस्मिक निरीक्षण में गंदगी, बच्चों की कम उपस्थिति और पोषण व्यवस्था में खामियां मिलीं

शिवपुरी।
आंगनवाड़ी केंद्र की व्यवस्थाओं में गंभीर लापरवाही सामने आने के बाद कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने सख्त कार्रवाई की है। दबरा-2 आंगनवाड़ी केंद्र के आकस्मिक निरीक्षण में गंदगी, बच्चों की कम उपस्थिति, पोषण व्यवस्था में अनियमितता और जरूरी रिकॉर्ड अपडेट नहीं करने जैसी कई खामियां मिलने के बाद आंगनवाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती रानी यादव को सेवा से पृथक कर दिया गया।

कलेक्टर अर्पित वर्मा ने गत दिवस आंगनवाड़ी केंद्र दबरा-2 का औचक निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान केंद्र की साफ-सफाई और व्यवस्थाएं असंतोषजनक मिलीं। केंद्र में बच्चों की संख्या बेहद कम थी और उन्हें दी जाने वाली बुनियादी शिक्षा की व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं पाई गई। जांच में यह भी सामने आया कि पोषण ट्रैकर ऐप पर आवश्यक जानकारियां नियमित रूप से दर्ज नहीं की जा रही थीं। कुपोषित बच्चों के खान-पान और पोषण संबंधी देखभाल में भी लापरवाही मिली। वहीं, गंभीर रूप से कुपोषित बच्चों को पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) में नियमित रूप से भर्ती कराने की प्रक्रिया में भी अपेक्षित गंभीरता नहीं बरती जा रही थी। निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने भी शिकायत की कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ता समय पर केंद्र नहीं आती हैं। पर्यवेक्षक द्वारा बार-बार समझाइश दिए जाने के बावजूद कार्यकर्ता श्रीमती रानी यादव के कार्य में सुधार नहीं हुआ। मामले में कलेक्टर के निर्देश पर महिला एवं बाल विकास, करैरा के परियोजना अधिकारी अमित यादव ने संबंधित कार्यकर्ता को कारण बताओ नोटिस जारी किया। कार्यकर्ता द्वारा प्रस्तुत जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया। इसके बाद करैरा अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) के अनुमोदन के उपरांत श्रीमती रानी यादव को तत्काल प्रभाव से सेवा से पृथक कर दिया गया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top