ध्वजारोहण से गूंजा विद्यालय परिसर, तिरंगा मैशअप और देशभक्ति प्रस्तुतियों ने बांधा समां
शिवपुरी। पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय आईटीबीपी शिवपुरी में 15 अगस्त को 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास, गरिमा और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। समारोह का शुभारंभ विद्यालय की प्राचार्या एवं मुख्य अतिथि श्रीमती पुनीता ज्योति ने ध्वजारोहण कर किया। इसके बाद विद्यार्थियों और शिक्षकों ने सामूहिक रूप से वंदे मातरम् एवं राष्ट्रगान का गायन किया। समारोह में प्राचार्या श्रीमती पुनीता ज्योति, वरिष्ठ शिक्षक अभिषेक आर्य, प्रधानाध्यापक जगदीश मीना एवं संस्कृत शिक्षिका श्रीमती माला देवी ने दीप प्रज्वलित कर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शुभारंभ किया। प्राचार्या ने स्वतंत्रता संग्राम के वीर शहीदों को नमन करते हुए विद्यार्थियों को राष्ट्र निर्माण के लिए समर्पित होकर कार्य करने का संदेश दिया।
मेधावी विद्यार्थियों को मिला सम्मान
कार्यक्रम में सत्र 2025-26 की कक्षा 10वीं एवं 12वीं विज्ञान तथा वाणिज्य वर्ग की बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले तीन मेधावी विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। वहीं नीट-2026 में चयनित दो पूर्व विद्यार्थियों को भी सम्मानित कर उनकी उपलब्धि पर विद्यालय परिवार ने गौरव व्यक्त किया।
देशभक्ति प्रस्तुतियों ने जीता दिल
विद्यार्थियों ने सरस्वती वंदना, स्वागत गीत, योग-नृत्य और देशभक्ति से ओतप्रोत तिरंगा मैशअप की शानदार सामूहिक प्रस्तुति दी। नन्हे बच्चों ने स्वतंत्रता सेनानियों की वेशभूषा में प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। हिंदी-अंग्रेजी भाषण और काव्य पाठ के माध्यम से विद्यार्थियों ने राष्ट्रप्रेम की भावनाओं को प्रभावी ढंग से अभिव्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन भारत माता की जय के जयघोष से हुआ। वरिष्ठ शिक्षक अभिषेक आर्य ने आभार एवं धन्यवाद ज्ञापित किया। अंत में विद्यार्थियों को मिष्ठान वितरित किया गया।


