किफायती कॉलिंग-डेटा प्लान से लेकर 200 एमबीपीएस फाइबर इंटरनेट तक की सुविधाएं, ग्रामीण क्षेत्रों पर विशेष फोकस
शिवपुरी। भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की पहल को विस्तार देते हुए भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) ने नागरिकों के लिए कई विशेष योजनाएं शुरू की हैं। अभियान का फोकस सस्ती, भरोसेमंद दूरसंचार सेवा और ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल कनेक्टिविटी बढ़ाने पर है।
बीएसएनएल के सहायक महाप्रबंधक आरके अग्रवाल ने पत्रकारवार्ता में बताया कि शिवपुरी जिले के कुल 2102 गांवों में से 1634 गांवों में बीएसएनएल के मोबाइल टावर स्थापित किए जा चुके हैं। शेष गांवों को भी मोबाइल नेटवर्क से जोडऩे की दिशा में काम जारी है।
1 रुपए में 4जी सिम का ऑफर
स्वतंत्रता दिवस विशेष अभियान के तहत नए उपभोक्ताओं को महज 1 रुपए में 4जी सिम दी जा रही है। 24 दिन की वैधता वाले इस ऑफर में प्रतिदिन 1 जीबी डेटा, 100 संदेश और असीमित कॉलिंग की सुविधा है। योजना 12 अगस्त से 12 सितंबर 2026 तक लागू रहेगी। वहीं 199 रुपए के प्लान में 28 दिनों तक प्रतिदिन 2 जीबी डेटा, 100 संदेश और असीमित कॉलिंग मिलेगी।
फाइबर इंटरनेट में भी आकर्षक योजनाएं
भारत फाइबर के 1111 रुपए मासिक प्लान में 200 एमबीपीएस गति और 5000 जीबी डेटा उपलब्ध है। ग्रामीण उपभोक्ताओं के लिए 259 रुपए मासिक योजना में 25 एमबीपीएस तक की गति, 700 जीबी डेटा, मुफ्त स्थापना एवं उपकरण और असीमित कॉलिंग की सुविधा दी जा रही है। नए भारत फाइबर कनेक्शन पर 499 रुपए वाले बेसिक प्लान में पहले माह की सेवा नि:शुल्क तथा अगले तीन महीनों तक 100 रुपए प्रतिमाह की छूट मिलेगी। बीएसएनएल मनोरंजन टेलीविजन सेवा भी स्व-सेवा मोबाइल अनुप्रयोग पर नि:शुल्क उपलब्ध है। स्वतंत्रता दिवस अभियान के तहत मेगा सिम एवं फाइबर मेला भी आयोजित किया जा रहा है। श्री अग्रवाल ने कहा कि केंद्रीय मंत्री श्री सिंधिया के मार्गदर्शन में लक्ष्य शिवपुरी सहित ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल संपर्क को और मजबूत करना है।