मुखबिर तंत्र और लगातार जंगल सर्चिंग से मिलीं सभी भैंसें
शिवपुरी। गुम हुए पशुओं की तलाश में सुभाषपुरा पुलिस ने सक्रियता और तत्परता की मिसाल पेश की है। ग्राम गुरावल से 1 अगस्त की रात गायब हुई किसान की 10 भैंसों को पुलिस ने लगातार जंगलों में सर्चिंग और मुखबिर तंत्र की मदद से खोज निकाला। सभी भैंसें 8 अगस्त को गसवानी थाना क्षेत्र में दूधवाली पुलिया के पास जंगल में सुरक्षित हालत में चरती हुई मिलीं। पुलिस ने सभी पशुओं को उनके मालिक को सुपुर्द कर दिया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देश पर, एएसपी आरडी प्रजापति और एसडीओपी सचिन कुमार धुर्वे के मार्गदर्शन में की गई।
सुभाषपुरा थाना प्रभारी अरविन्द सिंह चौहान के अनुसार, ग्राम गुरावल निवासी बद्री कुशवाह पुत्र रामजीलाल कुशवाह उम्र 45 वर्ष की 10 भैंसें अचानक गायब होने की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया। पुलिस टीम ने तत्काल मुखबिरों को सक्रिय किया और संभावित क्षेत्रों में तलाश शुरू कर दी। इसके बाद लगातार जंगलों में सर्चिंग की जाती रही। 8 अगस्त को मुखबिर से मिली सूचना ने पुलिस की तलाश को मंजिल तक पहुंचा दिया। पुलिस टीम पशु मालिक बद्री कुशवाह को साथ लेकर गसवानी थाना क्षेत्र पहुंची और दूधवाली पुलिया के आसपास जंगल में तलाश शुरू की। कुछ ही देर में किसान की सभी 10 भैंसें एक साथ चरती हुई दिखाई दीं। पुलिस जवानों ने पशुओं को घेरकर सुरक्षित बाहर निकाला और पहचान की पुष्टि के बाद किसान को सुपुर्द कर दिया। अपना पूरा पशुधन वापस मिलने पर किसान बद्री कुशवाह की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उन्होंने परिजनों और ग्रामीणों के साथ पुलिस का आभार जताया। उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी उनि अरविन्द सिंह चौहान, सउनि महेशदत्त शर्मा, आरक्षक अवधेश शर्मा, संजय सिंह जाट, धर्मेन्द्र शर्मा, महेन्द्र कुशवाह, सलमान खान, अर्जुन सिंह जाट और प्रधान आरक्षक चालक राजेश मिश्रा की विशेष भूमिका रही।


