शिवपुरी। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत प्रशासन ने किसानों के हितों से जुड़ी व्यवस्थाओं पर सख्ती दिखानी शुरू कर दी है। इसी कड़ी में शुक्रवार को खनियाधाना क्षेत्र में एक उर्वरक विक्रेता के प्रतिष्ठान पर हुई औचक कार्रवाई में अनियमितताएं सामने आने पर गोदाम को तत्काल सील कर दिया गया। कार्रवाई के बाद क्षेत्र के खाद-बीज विक्रेताओं में हड़कंप मच गया।
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देश पर उप संचालक कृषि मुनेश कुमार शाक्य और वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी ने खनियाधाना विकासखंड के सिद्ध ट्रेडर्स, अछरौनी (प्रो. अंकित जैन) के प्रतिष्ठान का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान दस्तावेजों और भंडारण व्यवस्था में अनियमितताएं मिलने पर अधिकारियों ने गोदाम को मौके पर ही सील कर दिया। विभाग ने मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उप संचालक कृषि ने स्पष्ट किया कि किसानों को नकली, अमानक या नियमों के विपरीत कृषि आदान उपलब्ध कराने वालों के खिलाफ किसी भी प्रकार की नरमी नहीं बरती जाएगी। कृषि आदान अधिनियम एवं प्रचलित नियमों के तहत दोषी पाए जाने वाले विक्रेताओं पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। कृषि विभाग ने किसानों से भी सतर्क रहने की अपील की है। विभाग का कहना है कि खाद, बीज और कीटनाशक केवल अधिकृत विक्रेताओं से ही खरीदें तथा हर खरीद का पक्का बिल अवश्य लें। बिना बिल के खरीदी गई सामग्री की गुणवत्ता और वैधानिक दावे प्रभावित हो सकते हैं। यदि किसी दुकान पर नकली, संदिग्ध या अमानक कृषि सामग्री बेचे जाने की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तुरंत नजदीकी कृषि कार्यालय को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर किसानों के हितों की रक्षा की जा सके।


