शिवपुरी। आधुनिक सुरक्षा चुनौतियों से निपटने के लिए भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल (आईटीबीपी) के संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान शिवपुरी में ओरिएंटेशन एंड ऑपरेशन ऑफ यूएएस (ड्रोन) कोर्स, सीरियल नंबर-01 का शनिवार को भव्य शुभारंभ हुआ। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम सुरक्षा बलों के जवानों को अत्याधुनिक ड्रोन तकनीक में दक्ष बनाने की दिशा में अहम पहल माना जा रहा है।
पाठ्यक्रम का शुभारंभ उप महानिरीक्षक राजेश कुमार चौधरी ने किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान दौर में अनमैन्ड एरियल सिस्टम (यूएएस/ड्रोन) सीमा सुरक्षा, निगरानी, टोही, आपदा प्रबंधन, खोज एवं बचाव अभियानों सहित सामरिक अभियानों का अभिन्न हिस्सा बन चुका है। ऐसे में प्रत्येक सुरक्षा कर्मी के लिए ड्रोन संचालन और इसकी तकनीकी समझ बेहद जरूरी है। 1 अगस्त से 22 अगस्त 2026 तक आयोजित होने वाले इस प्रशिक्षण पाठ्यक्रम में प्रतिभागियों को ड्रोन की कार्यप्रणाली, विभिन्न तकनीकी घटकों, उड़ान सिद्धांत, सुरक्षा मानकों, मिशन प्लानिंग, रखरखाव, संचालन तकनीक तथा व्यावहारिक ड्रोन उड़ान का विस्तृत प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षणार्थियों को वास्तविक परिस्थितियों के अनुरूप तैयार किए गए मॉड्यूल के साथ आधुनिक ड्रोन ऑब्स्टेकल एवं मैन्युवर पार्क में प्रायोगिक अभ्यास भी कराया जाएगा, जिससे उनकी तकनीकी दक्षता और संचालन क्षमता को और मजबूत किया जा सके। कार्यक्रम में सेनानी बिंदेश्वर कुमार सहित संस्थान के सभी अधिकारी, प्रशिक्षक एवं प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे।


