सिरसौद पुलिस ने किसानों से 8.24 लाख की टमाटर खरीदी कर फरार व्यापारी को यूपी से किया गिरफ्तार

MP DARPAN
0

शिवपुरी। टमाटर खरीदकर किसानों के 8.24 लाख रुपये हड़पने वाले फरार व्यापारी को सिरसौद पुलिस ने करीब सात माह बाद उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। उसके कब्जे से किसानों की मेहनत की 30 हजार रुपये की नकदी भी बरामद की गई है।

सिरसौद थाना प्रभारी धर्मेन्द्र सिंह गुर्जर के अनुसार ग्राम शंकरपुर निवासी सीताराम यादव ने शिकायत दर्ज कराई थी कि दिसंबर 2025 में गांव का गणेशराम यादव मुरादाबाद निवासी व्यापारी मोहम्मद आमिर को टमाटर खरीदने के लिए लेकर आया था। व्यापारी ने गांव के किसानों से 1030 क्रेट टमाटर खरीदकर गाजीपुर मंडी में बेच दिए, लेकिन कुल 8.24 लाख रुपये का भुगतान किए बिना 10 दिसंबर 2025 को फरार हो गया। शिकायत पर थाना सिरसौद में अमानत में खयानत का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आरडी प्रजापति और एसडीओपी पोहरी आनंद राय के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने साइबर सेल शिवपुरी और उत्तर प्रदेश के थाना गलशहीद पुलिस के सहयोग से मुरादाबाद में दबिश देकर आरोपी मोहम्मद आमिर को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसके कब्जे से 30 हजार रुपये बरामद किए गए। उक्त  कार्रवाई में थाना प्रभारी सिरसौद उपनिरीक्षक धर्मेन्द्र सिंह गुर्जर, सहायक उपनिरीक्षक बृजपाल सिंह तोमर, प्रधान आरक्षक रविन्द्र सिनोरिया, वीरेन्द्र सिंह, आरक्षक रमेश सिंह और मनोज कुमार की सराहनीय भूमिका रही।

2 साल से फरार स्थायी वारंटी गिरफ्तार

वारंटियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सिरसौद पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो वर्षों से फरार स्थायी वारंटी शम्भू उर्फ शिम्भू रावत उम्र 40 वर्ष निवासी ग्राम झूड़ को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी थाना सिरसौद के अपराध क्रमांक 237/19 एवं 194/20 में लंबे समय से फरार चल रहा था। पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आर.डी. प्रजापति एवं एसडीओपी पोहरी आनंद राय के मार्गदर्शन में चलाए गए अभियान के दौरान पुलिस टीम ने आरोपी को दबोचकर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। उक्त  कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक धर्मेन्द्र सिंह गुर्जर, उपनिरीक्षक जगदीश भिलाला, प्रधान आरक्षक सत्यवीर सिंह जादौन, बलवंत पाल, आरक्षक शत्रुघ्न यादव, प्रांशू जादौन तथा रमेश सिंह की सराहनीय भूमिका रही।  

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top