10 संभागों के 700 खिलाड़ी मैदान में उतरे, जिला पंचायत अध्यक्ष नेहा यादव ने कहा- परिणाम नहीं, खेल भावना से दें सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन
शिवपुरी। श्रीमंत माधवराव सिंधिया खेल परिसर बुधवार को बैंड की धुन, कदमताल और खिलाडिय़ों की सलामी से गूंज उठा। 10 संभागों से आए करीब 700 बालक-बालिकाओं ने अपने-अपने संभागों की तख्तियां और ध्वज थामकर रंगारंग मार्चपास्ट किया। इसी के साथ शिवपुरी में 70वीं राज्य स्तरीय 17 वर्षीय बालक-बालिका एथलेटिक्स प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ।
मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष नेहा अमित यादव ने ध्वजारोहण कर प्रतियोगिता का औपचारिक शुभारंभ किया। उन्होंने खिलाडिय़ों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि शिवपुरी को लगातार राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं की मेजबानी मिलना गौरव की बात है। खिलाड़ी परिणाम की चिंता किए बिना खेल भावना के साथ अपना 100 प्रतिशत दें और शिवपुरी से अच्छी यादें लेकर लौटें। जिला शिक्षा अधिकारी आकाश सिंह यादव ने स्वागत भाषण में खिलाडिय़ों से सुरक्षा और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने की अपील की। कार्यक्रम में वरिष्ठ भाजपा नेता एवं जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन अध्यक्ष विजय शर्मा, करैरा विधायक रमेश खटीक, सांसद प्रतिनिधि हरिओम राठौर, भाजपा उपाध्यक्ष शिवम दुबे, विधायक प्रतिनिधि प्रशांत राठौर, पूर्व नगर उपाध्यक्ष संजय राठौर और भाजपा नेता शिवम अग्रवाल मौजूद रहे। जिला क्रीड़ा अधिकारी चंद्रशेखर बेमटे, बीईओ मनोज निगम, प्राचार्य एनके जैन, कोच अजय बाथम, विवेक वर्धन शर्मा व नीरज सरैया ने अतिथियों का स्वागत किया। संचालन बीआरसीसी अंगद सिंह तोमर, हेमलता चौधरी व गिरीश मिश्रा मामा ने किया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
संस्कार स्कूल की छात्राओं ने म्हारो प्यारो राजस्थान पर प्रस्तुति दी, जबकि गुरुनानक स्कूल के बच्चों ने 'तरें मुझमें आदि योगी गीत पर योग कला का प्रदर्शन कर तालियां बटोरीं। आयोजन में गयादीन तरेटिया, मनोज गुप्ता, कपिल दुबे, सदाशिव भार्गव, संस्कार मिश्रा, महेंद्र तोमर, अशोक चौधरी, दीपक मांझी और अनिल मलावरिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
100 मीटर में खिलाडिय़ों ने दिखाया दम
पहले दिन 100 मीटर दौड़ के हीट चरण हुए। बालिका वर्ग में उज्जैन की मानसवी तिवारी ने 13.37 सेकंड का समय निकाला। उनके साथ रिचा स्वामी, अकक्षिता, स्नेहा यादव, जसटिना सोनवानी, स्तुति जैसवाल, आसी कसेरा और सपना डाबर ने अगले चरण में जगह बनाई। बालक वर्ग में ग्वालियर के धार्मिक रघुवंशी ने 11.61 सेकंड के साथ दम दिखाया। बबलू जमरा, बृजेश धु्रवे, अभयराज सिंह, कौशल ठाकुर, अर्णव श्रीवास्तव, अश्र महेश्वरी और आयुष लोधी भी अगले दौर के लिए क्वालीफाई हुए।


