शिवपुरी। शहर की यातायात व्यवस्था और मुख्य बाजारों में बढ़ते अतिक्रमण को लेकर प्रशासन की सक्रियता अब जमीन पर दिखाई देने लगी है। बुधवार को रात्रि में कलेक्टर अर्पित वर्मा एवं पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया ने कोर्ट रोड क्षेत्र का पैदल भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों के पहुंचने के बाद सड़क किनारे खड़े ठेलों को हटाया गया, जिससे कोर्ट रोड पहले की अपेक्षा काफी चौड़ी और व्यवस्थित नजर आई।
कलेक्टर अर्पित वर्मा और एसपी यांगचेन डोलकर भूटिया ने पैदल भ्रमण के दौरान सड़क पर यातायात में बाधा बन रही व्यवस्थाओं को देखा और मौके पर मौजूद अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। ठेले हटाए जाने के बाद सड़क पर आवागमन के लिए पर्याप्त जगह दिखाई देने लगी। इससे स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों को भी राहत मिली। अधिकारी जब गांधी चौक पहुंचे तो वहां पार्क के अलावा सड़क पर बनाए गए पार्किंग स्थल को लेकर कलेक्टर अर्पित वर्मा ने आपत्ति दर्ज कराई। उन्होंने सड़क के उपयोग और यातायात व्यवस्था को प्रभावित करने वाली पार्किंग व्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए इसे व्यवस्थित करने की आवश्यकता बताई। इस दौरान रेडीमेड व्यापारी संघ से जुड़े कुछ दुकानदारों ने कलेक्टर अर्पित वर्मा का माला पहनाकर स्वागत किया और कोर्ट रोड की व्यवस्थाओं में सुधार के लिए प्रशासन का आभार जताया। व्यापारियों ने कहा कि सड़क पर अतिक्रमण और अव्यवस्थित ठेले हटने से बाजार में आवागमन सुगम हुआ है। पैदल भ्रमण के दौरान उनके साथ एसडीएम आनंद सिंह राजावत, तहसीलदार सिद्धार्थ शर्मा, कोतवाली टीआई रोहित दुबे, यातायात प्रभारी रणवीर सिंह यादव सहित पुलिसबल मौजूद था।


