केंद्रीय विद्यालय करैरा में हेलमेट जागरूकता कार्यक्रम, विद्यार्थियों को बताए सड़क सुरक्षा के उपाय
शिवपुरी। सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति विद्यार्थियों में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय आईटीबीपी करैरा में मध्य प्रदेश पुलिस विभाग द्वारा हेलमेट जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देशन में हुआ। इस दौरान विद्यार्थियों को सुरक्षित यातायात व्यवहार अपनाने और सड़क दुर्घटनाओं से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में करैरा एसडीओपी विनायक शुक्ला ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनना केवल यातायात नियमों का पालन नहीं, बल्कि स्वयं और परिवार की सुरक्षा की जिम्मेदारी भी है। उन्होंने विद्यार्थियों से मानक गुणवत्ता वाला हेलमेट पहनने, उसे सही तरीके से बांधने तथा यातायात नियमों का पूरी तरह पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि छोटी-सी सावधानी कई बार बड़े हादसे को टाल सकती है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं यातायात नियमों का पालन करने के साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने यातायात से जुड़े सवाल पूछे, जिनका अधिकारियों ने जवाब दिया। विद्यालय के प्राचार्य अशोक कुमार सारस्वत ने पुलिस विभाग का आभार जताया। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को जिम्मेदार नागरिक बनाने के साथ सड़क सुरक्षा के प्रति संवेदनशील बनाते हैं। कार्यक्रम में श्रीमती रश्मि सिंह, पीजीटी (कंप्यूटर विज्ञान), ब्रजेंद्र गौतम, संगणक अनुदेशक, विद्यालय के समस्त विद्यार्थी एवं स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।


