साथी आरोपियों की तलाश जारी
शिवपुरी। फिजीकल थाना पुलिस ने नरेंद्र नगर में करीब एक साल पहले हुई चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 200 ग्राम चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। आरोपी को शनिवार को न्यायालय में पेश किया गया।
फिजीकल टीआई अवनीश सिंह राठौड़ के अनुसार, 6 सितंबर 2025 की रात नरेंद्र नगर निवासी विवेक राठौर गणेश उत्सव की झांकियां देखकर करीब रात 1 बजे घर लौटे थे। परिवार के सभी सदस्य सो गए। रात करीब 3 बजे विवेक बाथरूम जाने के लिए उठे तो घर की रसोई की खिड़की टूटी मिली। अज्ञात चोर अलमारी में रखा सामान चोरी कर ले गए थे और घर के कमरों के दरवाजों पर बाहर से कुंडी लगा दी थी। शिकायत पर फिजीकल थाने में अपराध क्रमांक 219/25 दर्ज किया गया था। पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देश पर चलाए जा रहे संपत्ति संबंधी अपराधों के खुलासे के अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आरडी प्रजापति और सीएसपी सचिन कुमार धुर्वे के मार्गदर्शन में कार्रवाई की गई। 28 सितंबर को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने विन्नी पुत्र नरेश मोगिया उम्र 23 वर्ष निवासी ग्राम सेवढ़ा, थाना सुभाषपुरा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने साथियों के साथ वारदात करना स्वीकार किया। उसके कब्जे से 200 ग्राम चांदी बरामद हुई। पुलिस अब उसके अन्य साथियों की तलाश कर रही है। उक्त कार्रवाई में निरीक्षक अवनीश सिंह राठौड़, उपनिरीक्षक बजरंग सिंह जादौन, प्रधान आरक्षक अमित कुमार और आरक्षक पुष्पेंद्र रावत की सराहनीय भूमिका रही।


