समानता, शिक्षा और आत्मसम्मान से ही मजबूत होगा समाज : विधायक देवेंद्र जैन

MP DARPAN
0

गांधी जयंती पर फतेहपुर में सद्भावना शिविर, कलेक्टर अर्पित वर्मा एवं जनप्रतिनिधियों ने बच्चों के साथ किया सहभोज

शिवपुरी। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को फतेहपुर स्थित शासकीय प्राथमिक विद्यालय में जनजाति कार्य विभाग द्वारा विशेष अस्पृश्यता निवारणार्थ सद्भावना शिविर आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि विधायक देवेंद्र जैन एवं कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा की मौजूदगी में विभिन्न शासकीय योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किए गए।

विधायक देवेंद्र जैन ने कहा कि महात्मा गांधी और डॉ. भीमराव अंबेडकर ने समाज में समानता, शिक्षा, संगठन और आत्मसम्मान का संदेश दिया। उनके विचारों को आत्मसात कर सामाजिक भेदभाव समाप्त करने तथा समाज को एकजुट होकर आगे बढ़ाने की जरूरत है। जिलाध्यक्ष जसमंत जाटव ने कहा कि संविधान के अनुच्छेद 17 के तहत अस्पृश्यता का उन्मूलन किया गया है। किसी व्यक्ति को मंदिर अथवा सार्वजनिक स्थान पर जाने से रोकना दंडनीय अपराध है। उन्होंने 1955 के अस्पृश्यता उन्मूलन अधिनियम, अजा-अजजा अत्याचार निवारण अधिनियम 1989 तथा सिविल अधिकार संरक्षण अधिनियम के प्रावधानों की जानकारी दी। कलेक्टर अर्पित वर्मा ने छात्रों के साथ सहभोज कर उनसे पढ़ाई, खेलकूद और विद्यालय की व्यवस्थाओं पर संवाद किया। उन्होंने बच्चों को मन लगाकर पढ़ने, अनुशासन बनाए रखने और जीवन में ऊंचे लक्ष्य निर्धारित करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में विनीता लोधी एवं रोहित चिड़ार को अंतरजातीय विवाह प्रोत्साहन योजना के तहत 2.50 लाख रुपये तथा नरेन्द्र शाक्य को संत रविदास योजना के तहत ई-रिक्शा स्वरोजगार के लिए 1.95 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई। दिव्यांग छात्रों को क्रिकेट किट, फुटबॉल और बैडमिंटन सामग्री भी दी गई। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष नेहा यादव, जनपद पंचायत अध्यक्ष हेमलता रावत, पूर्व जिलाध्यक्ष राजू बाथम, मुन्नालाल कुशवाह, पार्षद सुधीर आर्य एवं जनजाति कार्य विभाग के जिला संयोजक महेन्द्र श्रीवास्तव सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं आमजन उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top