आबादी भूमि के अधिकार अभिलेख और नि:शुल्क पंजीयन की धीमी प्रगति पर एसडीएम जेपी गुप्ता ने मांगा जवाब
शिवपुरी। केंद्र और मध्य प्रदेश शासन की महत्वाकांक्षी स्वामित्व योजना के क्रियान्वयन में धीमी प्रगति को लेकर प्रशासन ने सख्ती दिखाई है। ग्रामीणों को आबादी भूमि के अधिकार अभिलेख उपलब्ध कराने और उनके नि:शुल्क पंजीयन की प्रक्रिया में अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर पोहरी अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) जेपी गुप्ता ने नौ पटवारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए हैं।
प्रशासन के अनुसार, स्वामित्व योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में आबादी भूमि के भू-अधिकार पत्रों का निष्पादन और पंजीयन कराया जाना है। इसके बावजूद पोहरी अनुभाग के कुछ हलकों में संबंधित कार्यों की गति धीमी पाई गई। शासकीय कार्यों में उदासीनता और निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप प्रगति नहीं लाने के मामले में एसडीएम ने संबंधित पटवारियों से जवाब तलब किया है। नोटिस पाने वाले पटवारियों में जोराई के मुकुल हरदेनिया, भैसरावन के हेमेंद्र राठौर, खरई डावर के अनिल राठौर, देवपुरा की साधना वर्मा, भौराना की वैशाली पाठक, गोंदरी के रजनीश धाकड़, भिलौड़ी के बालेन्द्र पचौरी, गोवर्धन की अनिता पटेल और बरोद के गजेंद्र धाकड़ शामिल हैं।
शासकीय कार्य में लापरवाही बरतने पर पटवारी निलंबित
शिवपुरी। शासकीय कार्यों में लापरवाही बरतने पर कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देशानुसार अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) अनुभाग कोलारस द्वारा पटवारी राघवेंद्र भार्गव को निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई मध्य प्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम 1966 एवं मध्य प्रदेश शासकीय सेवक अस्थायी सेवा नियम 1960 केतहत की गई है। राघवेंद्र भार्गव को पटवारी हल्का नंबर 160 डंगौरा तहसील कोलारस पर कार्य संपादित करने हेतु आदेशित किया गया था। परंतु उक्त आदेश के क्रम में श्री भार्गव द्वारा अभी तक हल्का डंगौरा प.ह.न. 160 का प्रभार ग्रहण नहीं किया गया। प्रभार न लिए जाने के कारण संबंधित हल्के से जुड़े शासन के अति-महत्वपूर्ण कार्य जैसे गिरदावरी कार्य, फार्मर रजिस्ट्री, सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों का निराकरण, शासकीय वसूली का कार्य एवं स्वामित्व योजना के अंतर्गत ई-केवाईसी की प्रक्रिया गंभीर रूप से प्रभावित हो रही थी। इसके साथ ही पटवारी राघवेंद्र भार्गव द्वारा शासकीय कर्तव्यों के प्रति घोर लापरवाही बरती गई है। निलंबन अवधि में राघवेंद्र भार्गव, पटवारी तहसील कोलारस का मुख्यालय तहसील कार्यालय रन्नौद निर्धारित किया गया है।


