एथलेटिक्स में ग्वालियर के बालक और इंदौर की बालिकाएं अव्वल, 70वीं राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का समापन

MP DARPAN
0

पांच दिन तक खेल परिसर में दिखा प्रतिभा, अनुशासन और रोमांच का संगम, अर्वण श्रीवास्तव व स्तुति जैसवाल सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी सम्मान से सम्मानित

शिवपुरी।
रफ्तार, रोमांच और खेल प्रतिभाओं के शानदार प्रदर्शन के साथ शिवपुरी में आयोजित 70वीं राज्य स्तरीय 17 वर्षीय बालक-बालिका एथलेटिक्स प्रतियोगिता का रविवार को पुरस्कार वितरण एवं सम्मान समारोह के साथ समापन हुआ। सात अक्टूबर से जारी प्रतियोगिता में दस संभागों के खिलाड़ियों ने विभिन्न एथलेटिक्स स्पर्धाओं में दमखम दिखाया। सामूहिक प्रदर्शन के आधार पर बालक वर्ग में ग्वालियर संभाग ने पहला, भोपाल ने दूसरा और उज्जैन ने तीसरा स्थान हासिल किया। बालिका वर्ग में इंदौर संभाग अव्वल रहा, जबकि भोपाल दूसरे और उज्जैन तीसरे स्थान पर रहा। व्यक्तिगत प्रदर्शन के लिए भोपाल के अर्वण श्रीवास्तव और इंदौर की स्तुति जैसवाल को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी के रूप में सम्मानित किया गया।

समापन समारोह की मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष नेहा यादव रहीं, जबकि अध्यक्षता शिवपुरी विधायक देवेंद्र जैन ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष राजू बाथम, वरिष्ठ भाजपा नेता हरवीर सिंह रघुवंशी, जिला महामंत्री लवलेश जैन चीनू और महामंत्री केपी परमार उपस्थित रहे। जिला पंचायत अध्यक्ष नेहा यादव ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि पांच दिनों तक नियमों, अनुशासन और खेल भावना के साथ किया गया प्रदर्शन जीवन में अमिट छाप छोड़ेगा। विधायक देवेंद्र जैन ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार खेलों को प्रोत्साहित कर रही हैं। शिवपुरी में आधुनिक खेल परिसर और ग्राम पंचायत स्तर पर खेलों के लिए बजट की व्यवस्था इसी दिशा में प्रयास हैं। जिला शिक्षा अधिकारी आकाश सिंह यादव ने स्वागत भाषण दिया। प्रतियोगिता का प्रतिवेदन बीईओ मनोज निगम ने प्रस्तुत किया। मंच संचालन बीआरसीसी अंगद सिंह तोमर, हेमलता चौधरी और गिरीश मिश्रा मामा ने किया। जिला क्रीड़ा अधिकारी चंद्रशेखर बेमटे ने आभार जताया। नेहा यादव ने प्रतियोगिता के समापन की घोषणा की।

दल प्रबंधकों और समितियों का सम्मान

दसों संभागों के दल प्रबंधकों और राज्य स्तरीय अधिकारियों को स्मृति चिह्न दिए गए। प्रचार-प्रसार के लिए भगवती प्रसाद शर्मा और नीरज सरैया तथा रग्बी में स्वर्ण पदक जीतने वाली ग्वालियर टीम के कोच शिवनाथ सिंह वैस्य को सम्मानित किया गया। डॉ. कौशल गौतम, यादवेन्द्र सिंह चौधरी, अजय बाथम, विवेक वर्धन शर्मा, राजीव भार्गव, राजू जाट, स्नेह सिंह रघुवंशी, दीपक मांझी, विनय रावत, संस्कार मिश्रा, अभिषेक सक्सेना, रेखा शर्मा, ऊजमा परवीन, कल्पना सोनी, श्वेता जैन, महेन्द्र सिंह तोमर, ओपी शर्मा, अनिल मलावरिया, गयादीन तरेटिया, शरद निगम और रज्जाक खान सहित समितियों के सदस्यों को भी सम्मान मिला। बाल शिक्षा निकेतन स्कूल के विद्यार्थियों ने बंगाली भजन पर दुर्गा स्तुति और महिषासुर मर्दन की सजीव प्रस्तुति देकर वातावरण भक्तिमय कर दिया। अंत में प्रतियोगिता का ध्वज परंपरागत तरीके से उतारकर सौंपा गया तथा जिला शिक्षा अधिकारी ने अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंट किए।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top