कलेक्टर का ताबड़तोड़ औचक निरीक्षण, किसानों से सीधा संवाद, स्कूल-छात्रावास और गौशाला की परखी हकीकत

MP DARPAN
0

अव्यवस्थाओं पर अधिकारियों को लगाई फटकार

शिवपुरी। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत कलेक्टर अर्पित वर्मा ने शुक्रवार को पिछोर और खनियाधाना क्षेत्र का औचक दौरा कर प्रशासनिक व्यवस्थाओं की जमीनी हकीकत परखी। खाद वितरण केंद्र, शासकीय विद्यालय, कन्या छात्रावास, गौशाला और निर्माणाधीन भवनों का निरीक्षण करते हुए उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसानों, विद्यार्थियों और आमजन से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्ध कार्यप्रणाली सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।

निरीक्षण की शुरुआत पिछोर स्थित खाद वितरण केंद्र से हुई। कलेक्टर ने उर्वरक की उपलब्धता, भंडारण और वितरण व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने किसानों से सीधे संवाद कर खाद वितरण में आ रही समस्याओं की जानकारी ली और वितरण पर्चियों सहित अभिलेखों की जांच की। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि प्रत्येक पात्र किसान को बिना भेदभाव और अनावश्यक देरी के पर्याप्त खाद उपलब्ध कराई जाए तथा वितरण प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी रखी जाए। इसके बाद कलेक्टर खनियाधाना विकासखंड के शासकीय माध्यमिक विद्यालय दवियाकलां पहुंचे। यहां उन्होंने विद्यालय परिसर की स्वच्छता, विद्यार्थियों की उपस्थिति, मध्याह्न भोजन की व्यवस्था और कक्षा-कक्षों का निरीक्षण किया। विद्यार्थियों से बातचीत कर उनके शैक्षणिक स्तर का आकलन किया तथा शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में अनुशासन, नियमित अध्ययन और स्वच्छता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। कलेक्टर ने इसके बाद सांदीपनि विद्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने वोकेशनल कक्षाओं का अवलोकन करते हुए विद्यार्थियों से प्रश्न पूछे और शिक्षा की गुणवत्ता का परीक्षण किया। विद्यालय में निर्माणाधीन भवन का निरीक्षण करते हुए निर्माण कार्य की गुणवत्ता और समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। जिला शिक्षा अधिकारी को विद्यालय की अन्य व्यवस्थाओं में भी तत्काल आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने के लिए कहा गया। खनियाधाना के ग्राम दवियाकलां स्थित गौशाला के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने पाया कि गौशाला से लगी चारागाह की शासकीय भूमि पर अवैध खेती की जा रही है। इस पर उन्होंने कड़ा रुख अपनाते हुए राजस्व अधिकारियों को तत्काल अतिक्रमण हटाने, संबंधित लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने तथा चारागाह भूमि को गौवंश के लिए सुरक्षित करने के निर्देश दिए। इसके बाद कलेक्टर ने शासकीय अनुसूचित जाति सीनियर एवं उत्कृष्ट कन्या छात्रावास, खनियाधाना का निरीक्षण किया। उन्होंने छात्रावास की साफ-सफाई, भवनों की स्थिति, रसोईघर, भोजन की गुणवत्ता और खाद्यान्न भंडारण की व्यवस्था देखी। छात्राओं से सीधे संवाद कर पढ़ाई, भोजन और अन्य सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली तथा सामने आई समस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश अधिकारियों को दिए। निरीक्षण के समापन पर कलेक्टर अर्पित वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का उद्देश्य शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और प्रशासन को आमजन के प्रति अधिक जवाबदेह बनाना है। उन्होंने दो टूक कहा कि खाद वितरण, शिक्षा, छात्रावास, गौशालाओं और शासकीय परिसंपत्तियों के संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विभागीय अधिकारी पूरी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ कार्य करें तथा आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top