शिवपुरी। पोहरी विधानसभा क्षेत्र के दूरस्थ और अंतिम छोर पर स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय छर्च तथा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गोवर्धन के विद्यार्थियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी करते हुए दोनों विद्यालयों में कृषि संकाय शुरू करने की स्वीकृति मिल गई है। लोक शिक्षण संचालनालय (डीपीआई) द्वारा जारी आदेश के बाद अब क्षेत्र के विद्यार्थियों को कृषि विषय की पढ़ाई के लिए दूसरे शहरों या निजी विद्यालयों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
बताया गया है कि इस मांग को लेकर पूर्व राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त एवं पूर्व विधायक प्रहलाद भारती लगातार प्रयासरत थे। उन्होंने शिक्षा मंत्री राव उदय प्रताप सिंह तथा डीपीआई आयुक्त अभिषेक सिंह से व्यक्तिगत मुलाकात कर क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों और विद्यार्थियों की समस्याओं से अवगत कराया। साथ ही छात्र हित में दोनों विद्यालयों में कृषि संकाय शुरू करने का आग्रह किया। इन प्रयासों के बाद लोक शिक्षण संचालनालय ने दोनों विद्यालयों में कृषि संकाय की स्वीकृति प्रदान कर दी। इससे अब ग्रामीण अंचल के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए अनावश्यक आर्थिक बोझ और लंबी दूरी तय करने की परेशानी से राहत मिलेगी। वे अपने ही क्षेत्र में कृषि विषय की पढ़ाई कर भविष्य में कृषि एवं संबंधित क्षेत्रों में बेहतर अवसर प्राप्त कर सकेंगे। जानकारी के अनुसार, विद्यार्थियों की यह मांग लंबे समय से लंबित थी, जिसे करीब तीन माह के सतत प्रयासों के बाद मंजूरी मिल सकी। कृषि संकाय की स्वीकृति पर क्षेत्र के छात्र-छात्राओं और अभिभावकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए पूर्व विधायक प्रहलाद भारती के प्रति आभार जताया। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह निर्णय ग्रामीण शिक्षा को मजबूती देने के साथ-साथ कृषि आधारित रोजगार और उच्च शिक्षा के नए अवसर भी उपलब्ध कराएगा।


