24 घंटे में सीहोर पुलिस की त्वरित कार्रवाई: जमीनी विवाद में गोली मारने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, भेजे गए जेल

MP DARPAN
0

शिवपुरी। जमीन विवाद में युवक पर कट्टे से फायर कर जान लेने की कोशिश करने वाले दो आरोपियों को सीहोर थाना पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई को जिले में प्रभावी कानून व्यवस्था का उदाहरण माना जा रहा है।

सीहोर थाना प्रभारी जूली तोमर के अनुसार 6 अगस्त 2026 को रामवरन केवट उम्र 31वर्ष निवासी ग्राम बहगवाँ, थाना सीहोर, घायल अवस्था में सीएचसी नरवर पहुंचा। उसने शिकायत दर्ज कराई कि जमीन विवाद को लेकर भीकम रावत, वीर सिंह रावत, धर्मेन्द्र रावत निवासी बहगवाँ, जगदीश रावत निवासी जरगवा थाना करैरा तथा लखन सिंह रावत निवासी भदौना हाल निवासी डबरा ने गाली-गलौज की। इसी दौरान जान से मारने की नीयत से कट्टे से गोली चला दी, जिससे वह घायल हो गया। शिकायत पर थाना सीहोर में अपराध क्रमांक 98/2026 दर्ज कर प्रकरण की विवेचना शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक शिवपुरी श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आर.डी. प्रजापति एवं एसडीओपी करैरा प्रशांत शर्मा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक जूली तोमर के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए धर्मेन्द्र रावत उम्र 30 वर्ष पुत्र सिरनाम सिंह रावत एवं वीर सिंह रावत उम्र 61 वर्ष पुत्र लालाराम रावत, दोनों निवासी बहगवाँ, को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय से जेल वारंट मिलने पर दोनों को उप जेल करैरा भेज दिया गया। मामले के अन्य आरोपियों भीकम रावत, जगदीश रावत और लखन सिंह रावत की तलाश जारी है। उक्त कार्रवाई में उनि. जूली तोमर, सउनि. नारायण सिंह बंजारा, प्रआर. भगवती प्रसाद शिवहरे, प्रआर. बेताल सिंह गुर्जर, आरक्षक देवेन्द्र परिहार, धर्मेन्द्र कुशवाह, सायल खान, सतेन्द्र रावत, अजय माँझी, अवदेश रावत, राजकुमार तथा चालक प्रआर. राजकमल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top