एक पेड़ मां के नाम अभियान: गुंजारी नदी किनारे हरियाली की पहल, कटाव रोकने के लिए हुआ वृक्षारोपण

MP DARPAN
0

शिवपुरी। पर्यावरण संरक्षण और जल स्रोतों को सुरक्षित रखने की दिशा में नगर परिषद कोलारस ने 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत गुंजारी नदी के किनारे व्यापक वृक्षारोपण किया। अभियान का उद्देश्य केवल हरियाली बढ़ाना ही नहीं, बल्कि नदी के किनारों पर होने वाले कटाव को रोकना और आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर पर्यावरण तैयार करना भी है।

मुख्य नगर पालिका अधिकारी रमेश कुमार भार्गव ने बताया कि कलेक्टर अर्पित वर्मा के निर्देशन में जिलेभर में चल रहे इस अभियान के अंतर्गत नदी किनारे पौधे लगाए गए हैं। उन्होंने कहा कि वृक्ष पर्यावरण का सबसे बड़ा आधार हैं। ये न केवल ऑक्सीजन और शुद्ध हवा प्रदान करते हैं, बल्कि गर्मी के मौसम में छाया, जैव विविधता का संरक्षण और प्राकृतिक संतुलन बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक नागरिक अपनी मां के सम्मान में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी नियमित देखभाल करने का संकल्प ले, तो क्षेत्र को हराभरा बनाने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण का लक्ष्य भी आसानी से हासिल किया जा सकता है। कार्यक्रम में मुख्य नगर पालिका अधिकारी सहित नगर परिषद के अधिकारियों और कर्मचारियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील की।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top