शिवपुरी। पोहरी का मुख्य बाजार इन दिनों सड़क पर बेतरतीब खड़े सब्जी के हाथ ठेलों के कारण जाम की गिरफ्त में है। सड़क के दोनों किनारों और बीच तक फैले ठेलों की वजह से रोजाना घंटों यातायात प्रभावित हो रहा है। सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों, बुजुर्गों, राहगीरों और वाहन चालकों को उठानी पड़ रही है। कई बार हालात ऐसे बन जाते हैं कि चार पहिया वाहनों का निकलना मुश्किल हो जाता है, जबकि दोपहिया चालक दुर्घटना का जोखिम उठाकर रास्ता बनाने को मजबूर होते हैं।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि बाजार में अतिक्रमण लगातार बढ़ता जा रहा है, लेकिन अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से समस्या विकराल रूप ले चुकी है। व्यापारियों और आम लोगों ने प्रशासन से जल्द स्थायी समाधान की मांग की है। नगर परिषद के मुख्य नगर पालिका अधिकारी यशवंत वर्मा ने बताया कि उन्होंने हाल ही में पदभार ग्रहण किया है और समस्या को गंभीरता से लिया गया है। सबसे पहले नगर में मुनादी कराकर सड़क पर अतिक्रमण नहीं करने की चेतावनी दी जाएगी। इसके बावजूद यदि हाथ ठेले सड़क से नहीं हटाए गए तो प्रशासन सख्त कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटाने की मुहिम चलाएगा। सीएमओ ने स्पष्ट किया कि नगर परिषद द्वारा सब्जी विक्रेताओं के लिए पहले से ही निर्धारित स्थान उपलब्ध है। सभी ठेलों को वहीं व्यवस्थित रूप से लगाया जाएगा, ताकि मुख्य बाजार जाम से मुक्त हो, यातायात सुचारु रहे और नागरिकों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन मिल सके।


