शिवपुरी। भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल (आईटीबीपी) कैंप शिवपुरी में 7 अगस्त 2026 को देशभक्ति और राष्ट्रीय भावना से ओत-प्रोत वातावरण में वंदे मातरम् का सामूहिक गायन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में आईटीबीपी के अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों, प्रशिक्षणार्थियों, कर्मचारियों के साथ केजी स्कूल के नन्हे-मुन्ने बच्चों और शिक्षक-शिक्षिकाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम में कमांडेंट बिंदेश्वर कुमार की गरिमामयी उपस्थिति रही। उनकी मौजूदगी में कैंप परिसर राष्ट्रभक्ति के नारों और वंदे मातरम् के सामूहिक स्वर से गूंज उठा। उपस्थित सभी अधिकारियों और कार्मिकों ने एक स्वर में राष्ट्रगीत का गायन कर देश के प्रति निष्ठा, समर्पण और राष्ट्रप्रेम की भावना व्यक्त की। इस दौरान बच्चों की सहभागिता ने कार्यक्रम को विशेष रूप से भावनात्मक और प्रेरणादायी बना दिया। पूरा परिसर राष्ट्रीय गौरव और उत्साह के वातावरण में सराबोर नजर आया। आईटीबीपी राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा के लिए सदैव समर्पित रहकर अपने दायित्वों का निर्वहन करती है। बल में आयोजित इस तरह के कार्यक्रम कार्मिकों और नई पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम, एकता और राष्ट्रीय चेतना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।


