एसपी ने किया कोलारस थाने का औचक निरीक्षण, रिकॉर्ड से लेकर हवालात तक खंगाला

MP DARPAN
0

अपराध नियंत्रण और अवैध गतिविधियों पर सख्ती के निर्देश, रात्रि गश्त बढ़ाने पर जोर

शिवपुरी। अपराधों की रोकथाम और थाना स्तर की व्यवस्थाओं को मजबूत करने के लिए पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया ने गुरुवार को थाना कोलारस का निरीक्षण किया। एसपी ने थाने के रिकॉर्ड, महत्वपूर्ण रजिस्टर, मालखाना और हवालात का बारीकी से जायजा लिया। साथ ही थाना परिसर की साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्थाओं को भी परखा।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने थाने में की जा रही कार्यवाहियों की जानकारी लेते हुए पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपराध नियंत्रण और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि थाना क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस को लगातार सक्रिय और सतर्क रहना होगा। एसपी ने सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने और सीसीटीवी कैमरों को हमेशा चालू रखने के निर्देश दिए। रात्रि गश्त में अधिक से अधिक बल लगाने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने को कहा। लंबित वारंटों की तामीली में तेजी लाने और अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने लंबित अपराधों में आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी कर प्रकरणों का निराकरण करने, लंबित सीएम हेल्पलाइन एवं शिकायतों पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। फरियादियों की रिपोर्ट पर नियमानुसार तत्काल वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए। महिला संबंधी अपराधों को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराने तथा पीडि़त महिलाओं को आवश्यक पुलिस सहायता उपलब्ध कराने पर जोर दिया। वहीं संपत्ति संबंधी अपराधों में आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ चोरी या लूटा गया माल बरामद करने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि थाना क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए पुलिस लगातार भ्रमण, निगरानी और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करे। निरीक्षण के दौरान थाने की व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top